कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा, श्रमिक भाइयों का परिश्रम ही समाज की प्रगति का आधार
Hisar Abtak News : हिसार की ऑटो मार्केट में आज निर्माण और शिल्प के देवता भगवान विश्वकर्मा पूजा दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मांगलिक कार्यक्रम में हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।
कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर ऑटो मार्केट के एसोसिएशन पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने भगवान विश्वकर्मा जी के चरणों में शीश नवाकर समस्त जिलेवासियों व प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने ऑटो मार्केट के व्यापारियों, मैकेनिकों, कारीगर भाइयों एवं दिन-रात पसीना बहाने वाले मेहनतकश साथियों से बेहद आत्मीय मुलाकात की और उन्हें विश्वकर्मा दिवस की हार्दिक बधाई दी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा, “हमारे देश और समाज के निर्माण में शिल्पकारों, कारीगरों और श्रमिक भाइयों का योगदान अतुलनीय है। आपकी मेहनत, हुनर और समर्पण ही हमारे समाज की प्रगति का असली आधार है। भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद और हमारे इन मेहनतकश साथियों के परिश्रम से ही देश में विकास और निर्माण को एक नई दिशा मिलती है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार हर वर्ग के श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। इस पावन अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, ऑटो मार्केट एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय भाजपा नेता, भारी संख्या में ऑटो मार्केट के दुकानदार, मैकेनिक, प्रबुद्ध नागरिक और श्रमिक उपस्थित रहे।




















