Hisar Abtak : हिसार जिले के चौधरीवास में दिवाली के दिन विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि खेत में जा रहे युवक को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया गया है। वहीं उसके चाचा पर एक महिला सहित चार लोगों ने हमला कर दिया। आजाद नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जान से मारने की नियत से ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास
हिसार के आजाद नगर थाना में दी शिकायत में चौधरीवास निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि दिवाली के दिन सुबह करीब दस बजे उसका भतीजा सुरेश कुमार पुत्र देवीलाल अपने खेत में जा रहा था कि रास्ते में अकेला देखकर सुंदर पुत्र साहबराम ने जान से मारने की नियत से ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
पीड़ित ओमप्रकाश ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके भतीजे सुरेश ने भागकर अपनी जान बचाई और फोन पर इसकी सूचना उसको दी। वह जब मौके पर पहुंचा और सुंदर से वजह पूछी तो सुंदर, संदीप, साहबराम व साहबराम की पत्नी ने उस पर हमला कर दिया। झगड़े की आवाज सुनकर पास से गुजर रहा सोनू गोदारा मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर उसको छुड़वाया। बाद में आरोपितों ने धमकी दी कि आज तो सोनू ने बचा लिया, अगर भविष्य में मिला तो उसे व उसके परिवार को जान से मार देंगे।
आजाद नगर थाना पुलिस ने ओमप्रकाश की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुंदर व संदीप पुत्र साहबराम, साहबराम पुत्र मनीराम व साहबराम की पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।















