भिवानी में दिवाली की रात हादसा
Bhiwani Abtak: हरियाणा के भिवानी में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा हो गया। युवक बाइक लेकर दोस्तों के साथ घर से घूमने के लिए निकला था कि चौधरी बंसीलाल पार्क के पास उसकी बाइक डिवाइडर से टकराकर गिर गई। इस एक्सीडेंट में युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। भिवानी एक्सीडेंट का वीडियो भी सामने आया है, जो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के चूरू जिले के गुगलवा निवासी 24 वर्षीय सुमित बचपन से ही भिवानी के हालुवास गांव में अपने मामा के घर में रहता था। 8 नवंबर दिवाली की रात को सुमित अपने दोस्तों के साथ बाइक लेकर घूमने के लिए निकला था, जब वह हालुवास गेट के पास पहुंचा और चौधरी बंसीलाल पार्क की तरफ बढ़ा तो उसकी बाइक अज्ञात परिस्थितियों में डिवाइडर से टकरा गई।
डिवाइडर से टकराने के बाद सुमित बाइक सहित सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत ही उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सुमित की मौत से उसके मामा के गांव सहित उसके पैतृक गांव में मातम पसर गया।

मृतक सुमित के मामा आशीष ने बताया कि सुमित बचपन से ही उनके पास रह रहा था और वह प्राइवेट गाड़ी चलाने की नौकरी करता था। दिवाली की रात को मां लक्ष्मी का पूजा-पाठ सुमित ने परिवार सहित किया था और वह घर पर ही था। इसी दौरान उसके दोस्तों का फोन आया और सुमित आधे घंटे में वापस आने की बात कहकर घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन देर रात उन्हें हादसे की सूचना मिली। जब वह अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि एक्सीडेंट में लगी चोटों की वजह से सुमित की मौत हो गई है।
मृतक सुमित के पिता विनोद ने बताया कि उसके तीन बेटे हैं, जिनमें से सुमित दूसरे नंबर का था। सुमित बचपन में ही दो-तीन साल की उम्र में अपने मामा के घर रहने लगा था और उसने अपनी जिंदगी के 21-22 साल भिवानी जिले के हालुवास गांव में ही बिताए हैं। वह कभी-कभार ही अपने पैतृक गांव जाता था। दिवाली की रात एक्सीडेंट में उसकी मौत हो गई।

सुमित की अचानक मौत से उसके परिजन असमंजस में थे कि सुमित की कहीं जानबूझकर किसी ने हत्या कर इसे एक्सीडेंट का रूप तो नहीं दिया है। लेकिन पुलिस ने जब जांच शुरू की तो चौधरी बंसीलाल पार्क के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में इस एक्सीडेंट की फुटेज कैद हो गई। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय सुमित की बाइक की स्पीड काफी तेज थी और तेज रफ्तार में बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे सुमित सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें लगने की वजह से उसकी मौत हो गई।
इस संबंध में दिनोद गेट चौकी इंचार्ज एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि देर रात चौधरी बंसीलाल पार्क के पास एक्सीडेंट की सूचना मिली थी, जिसमें युवक की मौत हो गई। पुलिस जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराकर गिर गई और इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
यूपी में भीषण सड़क हादसा: पानीपत-मुजफ्फरनगर हाईवे पर कार में आग लगने से नारनौंद के 6 लोग जिंदा जले,












