चिम्मो में पंचायती जमीन पर धान की कटाई को लेकर तनाव: अदालत से मिला स्टे
सिरसा न्यूज | रानियां क्षेत्र के गांव चिम्मो में तीन एकड़ पंचायती जमीन पर धान की कटाई को लेकर बोलीदाता और प्रशासन आमने-सामने हो गए। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मामले का पता चलने पर बीडीपीओ अनिल कुमार बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे। दूसरे पक्ष की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों को स्टे के आदेश दिखाने पर प्रशासनिक अधिकारी वापस लौट आए। जिसके बाद बोलीदाता पक्ष ने धान की कटाई की।
बताया गया कि गांव चिम्मो में हर बार की तरह तीन एकड़ पंचायती जमीन को 1.67 लाख रुपये में एक साल के ठेके पर दिया गया था। गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उक्त जमीन जोहड़ की जमीन है, जिसे बोली पर नहीं दिया जा सकता। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई। 16 अक्टूबर को पट्टा रद्द कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने अदालत की शरण ली, जिसमें कहा कि उसने
नियमानुसार बोली प्रक्रिया में भाग लेकर कृषि के लिए जमीन पट्टे पर ली थी। अब धान की फसल पक गई है, कटाई न होने से उसे नुकसान होगा। सुनवाई के बाद कोर्ट ने स्टे जारी कर दिया।
किसान कटाई के लिए गया तो किसी ने प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत कर दी। बीडीपीओ ने सरपंच को मामले की जानकारी लेकर अवगत करवाने और पुलिस को सूचित करने को कहा, जिससे कोई विवाद न हो। तभी बीडीपीओ अनिल कुमार बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे। पीड़ित पक्ष ने अदालत का स्टे दिखाया, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारी वापस लौट आए।
सरपंच प्यारा सिंह ने कहा कि बोली नियमानुसार करवाकर जमीन पट्टे पर दी गई थी। अधिकारियों के आदेश का पालन करते हुए मामले से पुलिस को अवगत करवाया गया। बीडीपीओ अनिल कुमार बिश्नोई ने कहा कि सूचना मिलने पर वे मौके पर गए थे। उक्त लोगों ने अदालत के स्टे की कॉपी दिखाई, जिसके बाद वे वापस आ गए।










