गिरावड़ गांव से विवाहिता लापता
हरियाणा न्यूज (रोहतक): रोहतक जिले के लाखन माजरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव गिरावड़ से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि महिला दोपहर के वक्त बिना बताए घर से चली गई और जाते समय अपने साथ घर में रखे जेवरात और नगदी भी ले गई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और महिला की तलाश शुरू कर दी है।
दोपहर 1 बजे अचानक घर से हुई लापता: लाखन माजरा थाना पुलिस को दी गई शिकायत में गांव गिरावड़ निवासी रमेश ने बताया कि उनकी 26 वर्षीय पुत्रवधू नितिका 29 अक्टूबर की दोपहर को करीब 1 बजे बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
जेवरात और नगदी ले जाने का आरोप: पीड़ित ससुर रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब उन्होंने घर का सामान और अलमारी चेक की, तो पता चला कि नितिका अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी भी निकालकर ले गई है। हालांकि, पुलिस को दी गई शुरुआती शिकायत में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वे कौन-कौन से जेवरात और कितनी नकदी अपने साथ ले गई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया गुमशुदगी का केस: मामले की जानकारी देते हुए लाखन माजरा थाना पुलिस ने बताया कि विवाहिता के ससुर की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विवाहिता की तलाश में जुटी हुई है और परिजनों द्वारा लगाए गए जेवरात व नगदी ले जाने के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।















