लोहारी राघो में स्कूल से घर लौट रहे 10वीं कक्षा के छात्र पर हमला
हांसी (हरियाणा): हांसी जिले के नारनौंद उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव लोहारी राघो में स्कूल से घर लौट रहे 10वीं कक्षा के एक छात्र पर गांव के ही कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में छात्र का पैर टूट गया (फैक्चर हो गया)। पुलिस ने घायल छात्र के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव लोहारी राघो निवासी राकेश ने बताया कि वह गांव में ही हलवाई का काम करता है। उसके तीन बच्चे—दो लड़के और एक लड़की हैं। उसका सबसे छोटा बेटा विनय गांव के ही सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ाई करता है।
पार्क के पास रास्ते में घेरा: शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 अक्टूबर को उसका बेटा विनय स्कूल गया हुआ था। दोपहर को छुट्टी होने के बाद जब वह घर आ रहा था, तो रास्ते में पार्क के पास गांव के ही अभिषेक (पुत्र नरेश), संजय (पुत्र रामफल), मोंगली (पुत्र काला) निवासी लुहारी राघो तथा उनके साथ एक-दो अन्य अज्ञात लड़के वहां पहले से मौजूद थे। युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले के बाद छात्र जान बचाने के लिए चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर छात्र को हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया।
नागरिक अस्पताल में भर्ती, पैर पर प्लास्टर
घटना के बाद ग्रामीण घायल अवस्था में छात्र को उसके घर लेकर पहुंचे। पिता ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा और तुरंत बेटे को उपचार के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने जांच और एक्स-रे के बाद छात्र के पैर में फ्रैक्चर बताया और प्लास्टर किया।
मामला दर्ज, आरोपी फरार: छात्र पर हमले की सूचना मिलते ही नारनौंद थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर अभिषेक, संजय, मोंगली और उनके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।















1 thought on “हांसी समाचार: नारनौंद में छात्र पर हमला, लोहारी राघो के किशोर के पैर में फ्रैक्चर”