जींद में दर्दनाक हादसा: सड़क पर बिना मार्किंग के ब्रेकर से अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, 19 वर्षीय छात्र की मौत
Jind News Today : जींद में छात्तर-घोघड़ियां रोड पर हाल ही में बनाए गए एक ब्रेकर के कारण बाइक अनियंत्रित होने से 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर नगूरां चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान गांव छात्तर निवासी प्रवीण (19) के रूप में हुई है, जिसने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे प्रवीण अपने चाचा सुरेंद्र को लाने के लिए अपनी बाइक पर झांझ गांव जा रहा था। जब वह कुचराना कलां के पास पहुंचा, तो सड़क पर हाल ही में बना नया ब्रेकर दूर से न दिखाई देने के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रवीण को राहगीरों व ग्रामीणों की मदद से तुरंत उचाना के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जींद रेफर कर दिया गया। जींद के अस्पताल में इलाज के दौरान प्रवीण ने दम तोड़ दिया। युवा छात्र की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है।














