भूना, बरवाला व डिंग थानों में दर्ज हैं तीन मामले
फतेहाबाद आज की ताजा खबर : नशे का कारोबार कर काली कमाई से संपत्ति बनाने वालों पर सिरसा पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में फतेहाबाद जिले के भूना निवासी गेजा पुत्र पाला राम की 7 लाख 15 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। अब आरोपी इन संपत्तियों को बिना अनुमति बेच या किसी दूसरे के नाम हस्तांतरित नहीं कर सकेगा।
पुलिस की वित्तीय जांच में आरोपी के नाम दर्ज आई-20 कार की कीमत 1.70 लाख रुपये, मारुति स्विफ्ट कार की 1.20 लाख रुपये और हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक की 70 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा भूना में म्यूटेशन नंबर 26502 के तहत दर्ज 6 मरले 8 सरसाई जमीन की कीमत 3.55 लाख रुपये निर्धारित की गई।
इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 7 लाख 15 हजार रुपये है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तस्कर गेजा के खिलाफ पहला मामला 10 मार्च 2020 को फतेहाबाद जिले के भूना थाना में दर्ज हुआ था। इसमें 18 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। इसके बाद 1 नवंबर 2025 को बरवाला थाना में दर्ज मामले में 39 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसी तारीख को सिरसा जिले के डिंग थाना में दर्ज तीसरे मामले में 21 किलो गांजा बरामदगी का उल्लेख है।
तीनों मामलों में कुल 78 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद हुआ। डिंग थाना पुलिस ने आरोपी की संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर सक्षम प्राधिकारी को भेजा था। सुनवाई के दौरान गेजा ने केंद्रीय जेल हिसार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना पक्ष स्खा। उसने दावा किया कि वर्ष 2014 से 2022 के बीच ढाई एकड़ जमीन पर सब्जियों की खेती, पत्नी की किराना दुकान और साझा टैक्सी चलाकर संपत्ति अर्जित की है। हालांकि, वह अपनी आय के समर्थन में बैंक स्टेटमेंट, खरीद की रसीदें या अन्य वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके चलते उसके तर्क खारिज कर दिए गए।
सक्षम प्राधिकारी ने फ्रीज आदेश को अंतिम मंजूरी दे दी। अब संबंधित संपत्तियां बिना पूर्व अनुमति बेची या हस्तांतरित नहीं की जा सकेंगी। आरोपी 45 दिन में अपील कर सकता है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे लोगों की संपत्तियों का ब्यौरा जुटा रही है, ताकि नशे की काली कमाई पर भी कानूनी शिकंजा कसा जा सके।










