Delhi Katra expressway road accident : नींद की झपकी आने से खंभे से टकराया ट्रक, ड्राइवर की मौत
कैथल: दिल्ली-कटरा हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब के ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। यह हादसा कैथल जिले के गांव खरक पांडव के टोल प्लाजा के पास नींद की झपकी आने के कारण हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, घायल परिचालक (कंडक्टर) को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Tarntaran truck driver accident Kaithal
मिली जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक दिल्ली से जम्मू-कटरा नेशनल हाईवे से होते हुए पंजाब के तरनतारन जा रहा था। जब ट्रक कैथल जिले के कलायत क्षेत्र स्थित गांव खरक पांडव टोल से निकलकर थोड़ा आगे बढ़ा, तो ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गया।
Kharak Pandav toll plaza accident
टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि खंभे से टकराने के बाद ट्रक पलट गया और उसमें सवार ड्राइवर व कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना तुरंत कलायत थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी 25 वर्षीय सेहवन के रूप में हुई है। हादसे में घायल कंडक्टर जसबीर ने बताया कि सेहवन शादीशुदा था और उसकी एक बेटी है। गाड़ी चलाते समय नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ।
कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि जम्मू-कटरा नेशनल हाईवे पर ट्रक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गया था। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई (इत्तेफाकिया हादसा रिपोर्ट) करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।










