“बस एक पल की झपकी और…” दिल्ली-कटरा हाईवे पर भीषण हादसा, 25 साल के ट्रक ड्राइवर की मौत
दिल्ली-कटरा हाईवे पर भीषण हादसा, हरियाणा के कैथल के कलायत क्षेत्र के गांव खरक पांडव टोल प्लाजा के पास देर रात ट्रक चला रहे ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिससे अनियंत्रित होकर ट्रक हाईवे किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभे से टकराने के बाद ट्रक पलट गया। हादसे में पंजाब के तरनतारन निवासी 25 वर्षीय ट्रक ड्राइवर सेहवन की मौत हो गई, जबकि ट्रक का परिचालक (कंडक्टर) जसबीर घायल हो गया। मृतक सेहवन शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी है। सूचना मिलते ही कलायत थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की।









