Hansi Barwala Road Accident News: हांसी-बरवाला मार्ग पर भाटला और चानौत गांव के पास बुधवार शाम सड़क पार कर रहे दो भाइयों को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गांव पडमाई निवासी 30 वर्षीय भूरा की मौत हो गई, जबकि उसके छोटे भाई बिहारी को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने मृतक के भाई राजेश के बयान पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
राजेश के अनुसार, बुधवार शाम भूरा और बिहारी चानौत के पास गंगा ईंट भट्ठे पर काम खत्म कर शौच के लिए निकले थे। दोनों भट्ठे से करीब 300 मीटर दूर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए।
भट्ठे पर काम कर रहे परिजनों ने उन्हें सड़क पर पड़े देखा तो दौड़कर मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से दोनों को हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने भूरा को मृत घोषित कर दिया। बिहारी को मामूली चोटें आई थीं। राजेश ने बताया कि वह पिछले दो साल से चानौत के पास गंगा ईंट भट्ठे पर काम कर रहा है। दीवाली से पहले वह अपने गांव पडमाई से भूरा को भी इसी भट्ठे पर काम के लिए लेकर आया था। भूरा अविवाहित था। परिवार में उसके चार भाई हैं।











