जाखोद खेड़ा में अवैध हथियारों के साथ पूर्व अग्निवीर गिरफ्तार
Hisar Abtak: हिसार जिले के आदमपुर में पुलिस ने दीवाली के दिन एक युवक को भारी मात्रा में अवैध हथियारों सहित पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपित युवक के कब्जे से अवैध पिस्तौल, दो मैग्जीन और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। आरोपित के खिलाफ आदमपुर थाने में केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सीआईए मिल गेट, हिसार की पुलिस टीम दीवाली के दिन आदमपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि जाखोद खेड़ा का रहने वाला एक युवक अवैध हथियार लिए हुए है और उसके पास भारी मात्रा में कारतूस भी हैं। पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए ठिकाने पर छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पुलिस ने जब युवक की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से .32 बोर का अवैध पिस्तौल, दो मैग्जीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान आदमपुर मंडी क्षेत्र के गांव जाखोद खेड़ा निवासी सचिन के रूप में बताई। पुलिस ने अवैध पिस्तौल, मैग्जीन और कारतूसों को अपने कब्जे में लिया तथा युवक को काबू करके आदमपुर थाना पहुँची।

आदमपुर थाने में पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ योजना के तहत भर्ती हुआ था, लेकिन वह नौकरी को बीच में ही छोड़कर आ गया था।
इस संबंध में सीआईए मिलगेट इंचार्ज जगदीश ने बताया कि जाखोद खेड़ा से एक युवक को अवैध हथियार, मैग्जीन व जिंदा कारतूसों सहित पकड़ा है। पुलिस आरोपित को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से हथियारों के नेटवर्क और इनसे किन वारदातों को अंजाम देने की योजना थी, इन सभी सवालों के जवाब पूछे जाएंगे।















