Agrasen Dharamshala foundation stone laying ceremony, Hisar News
अग्रसेन धर्मशाला के शिलान्यास समारोह में की शिरकत
Hisar News Today : अग्रवाल समाज हमारे देश का एक अग्रणी और प्रगतिशील समाज है। महाराजा अग्रसेन ने एक ईंट-एक रुपया जैसे ऐतिहासिक संकल्प के माध्यम से समाज में सहयोग, आपसी सहायता और सामूहिक विकास की नींव रखी। उनका उद्देश्य यह था कि समाज का हर व्यक्ति जरूरत के समय एक-दूसरे का साथ दे, ताकि किसी पर अतिरिक्त बोझ भी न पड़े और हर परिवार अपना घर, व्यापार और जीवन सम्मानपूर्वक आगे बढ़ा सके।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को स्वामी सुंदरदास अग्रवाल सेवा सदन धर्मशाला में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों से को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अपने ऐच्छिक कोटे से धर्मशाला को 21 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज सदियों से सहयोग, सेवा और राष्ट्र निर्माण की अमूल्य परंपरा को आगे बढ़ाता आया है।

महाराजा अग्रसेन की दूरदर्शिता और लोक कल्याण की सोच को आज भी समाज अपने जीवन में धारण किए हुए है, यही कारण है कि यह समाज देश की आर्थिक रीढ़ माना जाता है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन का मानना था कि समाज तभी प्रगति करता है जब हर व्यक्ति दूसरे की मदद के लिए खड़ा हो। उन्होंने आर्थिक सहयोग के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, समानता, प्रेम और न्याय को भी समाज के केंद्र में रखा और सबको एक समान मानने की सीख दी।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि आज देश की जीडीपी में अग्रवाल समाज का योगदान महत्वपूर्ण है। यह समाज व्यापार, उद्योग, सेवा और उद्यमिता की अग्रिम पंक्ति में खड़ा है। अग्रवाल समाज न केवल अपने व्यापार को बढ़ाता है बल्कि हजारों-लाखों लोगों को रोजगार देने, समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के कार्यों में भी सदैव आगे रहता है। इसी वजह से इस समाज को भामाशाह समाज कहा जाता है।
उन्होंने कहा कि धर्मशालाएं किसी एक समाज तक सीमित नहीं होती, बल्कि 36 बिरादरियों के लिए सेवा और सहयोग का केंद्र होती हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह धर्मशाला शहर के बिल्कुल मध्य में होने के कारण क्षेत्रवासियों के लिए सामाजिक कार्यक्रमों, विवाह, सामूहिक बैठकों, संस्कृतियों और परंपराओं को जोड़ने का केंद्र बनेगी।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, बरवाला नगर परिषद चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, एसडीएम डॉ वेदप्रकाश बेनीवाल, समाजसेवी नरेश गुप्ता, संस्था के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, वरिष्ठ नेता मनीष गोयल, महेश शर्मा, देव कुमार शर्मा, नीलम जांगड़ा, एमसी मीनू शर्मा, ज्योति बंसल, मंडल अध्यक्ष मोनू संदूजा, पार्षद ओम प्रकाश मालिया, दिनेश सैनी, एडवोकेट विनोद बंसल, सुरेश गोयल, संजय सिंगला, सुमित सिंगला, जगविंदर सिंगला, विजेंद्र गुप्ता, रमेश सिंगला, राजा मेहता, राधेश्याम, जगरूप सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।