Attack in Barwala due to old enmity Hisar Crime News
Hisar Crime News: हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव में पुरानी रंजिश में हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर घर आ रहे थे कि रास्ते में उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। घायलों को उपचार के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं बरवाला पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी।
कुंभा रोड़ पर रास्ता रोककर हमला
हिसार जिले के गांव मतलोडा निवासी अजय उर्फ रिंकू ने बरवाला थाना में दी शिकायत में बताया कि हम पांच भाई बहन हैं और वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। 12 फरवरी को वह विक्रम और हरिओम के साथ बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए हुए थे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद जब वह वापस अपने घर आ रहे थे तो कुंभा रोड़ पर रात को करीब 9:00 बजे पहुंचे तो वहां पर पहले ही घात लगाए बैठे युवकों ने उन पर लाठी डंडों और हथियारों से हमला कर दिया।
जान से मारने की धमकी देकर भागे हमलावर
अचानक हुए हमले में जब वह दर्द से चिल्ला रहे थे तो उनकी आवाज सुनकर उनके परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित युवक ने आरोप लगाते हुए बताया कि हमलावरों ने उन पर पुरानी रंजिश में हमला किया है और वह बार-बार बोल रहे थे कि तुमने पहले कई बार उनके साथ झगड़ा किया है और आज इसका मजा चखाते हैं।
गांव मतलोडा निवासी अजय उर्फ रिंकू ने बताया कि उनके द्वारा किए गए हमले में उन्हें काफी चोटें आई तो उनके परिजनों ने उन्हें हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया गया और उन्होंने बरवाला थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करवाई। अजय ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसकी जेब से ₹1200 निकालकर ले गए हैं।

बरवाला थाना पुलिस ने अजय उर्फ रिंकू की शिकायत पर नवीन पुत्र जंगी, कृष पुत्र सलिन्द्र शाहिल पुत्र अनुप, सन्नी पुत्र कुलदीप रोहित पुत्र बजिन्द्र शाहिल पुत्र सत्बीर, विशाल पुत्र बबर, बददू पुत्र जयबीर, सुमीत पुत्र संजय, संदीप पुत्र संजय, सलिन्द्र पुत्र हरिकिशन के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।