भिवानी में ब्रेकर पर उछलकर पलटी प्राइवेट बस, 15 यात्री अस्पताल में भर्ती
हरियाणा न्यूज; भिवानी। हरियाणा के भिवानी में शुक्रवार शाम हांसी रोड पर एक प्राइवेट बस हादसे का शिकार हो गई। प्रेम नगर के पास सड़क पर बने ब्रेकर से गुजरते समय बस उछलकर पलट गई। बस में कई यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई दी।
बस में सफर कर रही सवारियों ने आरोप लगाते हुए बताया कि प्रेम नगर के पास पावर हाउस के सामने एक स्टूडेंट बस से उतरना चाहता था। जब उसने ड्राइवर से बस रोकने को कहा तो उसने इनकार कर दिया और बस की रफ्तार तेज कर दी। बस की स्पीड करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई थी। बस से उतरने की कोशिश कर रहे बच्चे की भी मौत हो गई। बस पूरी भरी हुई थी और उसमें 15 से 20 लोग खड़े थे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
भिवानी से हांसी जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, प्राइवेट बस भिवानी से हांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान प्रेम नगर के पास ब्रेकर पर बस उछल गई और पलट गई। हादसे में घायल करीब 15 लोगों को भिवानी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी और घायलों की स्थिति के संबंध में अभी अधिक जानकारी सामने आना बाकी है।

प्रेम नगर गांव के सरपंच राजेश कुमार ने बताया कि बस हादसे में गांव के रहने वाले मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। मोहित कोचिंग के लिए भिवानी आता-जाता था। सरपंच ने प्राइवेट बस संचालकों पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए कहा कि बसों की मनमानी को लेकर चार दिन पहले एसडीएम से मुलाकात कर शिकायत भी दी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्राइवेट बस चालक गांव के बस अड्डे पर बसें नहीं रोकते और शाम के समय नशे की हालत में बस चलाते हैं। सरपंच के अनुसार, इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब हादसे में एक युवक की जान चली गई है।















