Cyber Fraud Case in Jind News Today
फ्रीडम कैब सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर बताकर ठगी
Jind News Today : साइबर क्राइम थाना जींद की पुलिस ने सस्ते डॉलर दिलाने के नाम पर 1.38 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 10 हजार रुपए की बरामदगी भी की गई है।
प्रभारी साइबर थाना उप-निरीक्षक जगदीप सिंह ने बताया कि खेमनगर, जींद निवासी शिकायतकर्ता गणेश की मुलाकात मोहम्मद मुश्ताक उर्फ एमडी निवासी दिल्ली से हुई थी। खुद को फ्रीडम कैब सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर बताने वाले आरोपी ने गणेश को सस्ते में डॉलर दिलाने का झांसा दिया और दिए गए बैंक खाते में 1.38 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। राशि प्राप्त होने के बाद आरोपी ने भुगतान न मिलने की बात कही और फोन उठाना बंद कर दिया।
शिकायत पर धारा 318 (4) BNS के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम कीमत पर डॉलर या अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन पैसे न भेजें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।









