दीवार फांदकर घर में घुसे 8-10 अज्ञात युवक
Dabwali News: डबवाली क्षेत्र के गांव मसीतां में रात के समय दो गाड़ियों में सवार होकर आए 8 से 10 अज्ञात युवकों ने एक मकान में जबरन घुसकर दहशत फैलाने का प्रयास किया। युवक पहले मकान की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और फिर मुख्य गेट खोलकर अन्य साथियों को भी अंदर बुला लिया। उस समय मकान मालिक अपने कमरे में सो रहा था।
घर के अंदरूनी दरवाजे बंद थे। युवकों ने दरवाजे जोर-जोर से पीटकर खोलने का प्रयास किया। शोर सुनकर मकान मालिक की नींद खुली तो युवक छत पर चढ़कर शोर मचाने लगे। इसके बाद मकान मालिक ने अपने चाचा को फोन कर घटना की जानकारी दी। आसपास के लोगों के एकत्रित होने की आशंका से युवक दोनों गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए।
एसपी डबवाली को शिकायत
गांव मसीतां निवासी एसपी सिंह ने इस मामले में एसपी डबवाली को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। शिकायत के अनुसार घटना 21 नवंबर की रात करीब 9:44 बजे की है। दो गाड़ियों में आए 8 से 10 अज्ञात व्यक्तियों ने बिना अनुमति मकान की दीवार फांदकर प्रवेश किया।
शोर-शराबे की आवाज सुनकर नींद खुली
इनमें से एक युवक ने मुख्य गेट खोल दिया, जिसके बाद अन्य युवक भी घर में घुस आए। शिकायतकर्ता के अनुसार दरवाजे पीटने और शोर-शराबे की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली। इसके बाद युवक मकान की छत पर चले गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। उसने तुरंत अपने चाचा को फोन किया, आसपास के लोगों के पहुंचने की आशंका से सभी युवक मौके से भाग गए।








