निर्माणाधीन की सैटरिंग लगाने में लापरवाही
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक।
Hansi News: हांसी की तोशाम चुंगी पर निर्माण कार्य के दौरान सैटरिंग गिरने से नीचे खड़ा युवक चपेट में आ गया। जिसके कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मोठ लुहारी निवासी अमित के रूप में बताई गई है। उसके सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं। डायल-112 की टीम उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दाखिल कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मौके पर सरिया बांधने और तार लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक ईंट सैटरिंग को सहारा देने वाली बल्ली से टकराई। बल्ली हिलने पर ऊपर का ढांचा असंतुलित होकर नीचे गिर गया और अमित उसकी चपेट में आ गया। सैटरिंग करीब 12 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी होने और उसके एक हिस्से का वजन लगभग 40 किलो होने की बात कही गई है।
ईंट बल्ली से कैसे टकराई, इसे लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं। एक जानकारी के अनुसार, रास्ते में पड़ी ईंट हटाते समय वह बल्ली से टकराई। वहीं अस्पताल में मौजूद संदीप ने आरोप लगाया कि तार लगा रहे दो युवकों में अनबन हुई थी। एक ने दूसरे की तरफ ईंट फेंकी, जो बल्ली पर लगी।
संदीप ने सैटरिंग को सहारा देने के इंतजामों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बल्ली लगाने में लापरवाही बरती गई थी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है। सैटरिंग गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।












