Rewari Evening News Today in Hindi
समाधान शिविर में एसडीएम सुरेश कुमार ने सुनी जन समस्याएं
-जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर का लाभ उठाएं नागरिक
रेवाड़ी, 19 मार्च।
Rewari Evening News Today: हरियाणा सरकार द्वारा जनसेवा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने का सशक्त माध्यम बने हुए हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समय पर निपटान हो। इसके लिए समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से निवारण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जा रही है।
डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम सुरेश कुमार ने लघु सचिवालय सभागार में आए लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से प्राथमिकता से निवारण करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं का निवारण करवाया गया।

एसडीएम सुरेश कुमार ने समाधान शिविर में काम के बदले वेतन न मिलने की शिकायत पर असिस्टेंट लेबर कमीश्नर को जांच कर वेतन दिलवाने के निर्देश दिए। गांव दौलतपुर में सीवरेज ओवरफ्लो होने के कारण सडक़ पर दूषित पानी फैला हुआ है जिसकी शिकायत पर एसडीएम ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सीवरेज की साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। शहर के मॉडल टाउन स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में लाइट खराब होने की शिकायत पर एसडीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों को पार्क में लाइट दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा समाधान शिविर के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जिससे उपस्थित लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला ने परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों को सुना और मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान करवाया।
एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि जनता व प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का निवारण व जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाने के लिए जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को एक स्थान पर उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निवारण किया जा सके। इस अवसर पर नगराधीश जितेंद्र कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
एसबी-89 स्कीम के तहत उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टरों का 20 मार्च को किया जाएगा भौतिक सत्यापन
रेवाड़ी, 19 मार्च।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा अनुसूचित जाति के किसानों को एसबी-89 स्कीम वर्ष 2025-26 के तहत ट्रैक्टरों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करवाएं गए थे, जिनका जिला स्तरीय कमेटी द्वारा शुक्रवार 20 मार्च को भौतिक सत्यापन किया जाएगा। ( Rewari News Today )

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सहायक कृषि अभियंता रेवाड़ी दिनेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा अनुसूचित जाति के किसानों को एसबी-89 स्कीम के तहत ट्रैक्टरों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। ऑनलाईन ड्रॉ के माध्यम से चयनित किसानों द्वारा ट्रैक्टर के बिल विभागीय पोर्टल पर अपलोड करवा दिए गए है, उन किसानों के ट्रैक्टर का भौतिक सत्यापन उपमंडल अधिकारी (ना.) रेवाड़ी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी द्वारा 20 मार्च को प्रातः 11 बजे किसान भवन, अनाज मंडी रेवाड़ी में किया जाएगा।
सहायक कृषि अभियंता दिनेश शर्मा ने चयनित किसानों से आह्वान किया कि वे निर्धारित स्थान पर अपने ट्रैक्टर का भौतिक सत्यापन करवाने के लिए समय पर पहुंचे।
जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्र तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी : डा. कृष्ण कुमार
-बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने सुनीं जन समस्याएं
बावल(रेवाड़ी), 19 मार्च।
बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने गुरुवार को अपने रेवाड़ी कार्यालय में लोगों की शिकायतें सुनते हुए मौके पर ही समाधान करवाया। इस मौके पर विधायक ने सभी नागरिकों को नव संवत ओर नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने जनसुनवाई करते हुए कहा कि अधिकारी आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करवाएं, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अंतोदय की भावना से बिना भेदभाव के तेजी से विकास कार्य करवा रही है और जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है।
विधायक ने कहा कि बावल विधानसभा क्षेत्र में हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। बावल क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जहां सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। आमजन इन शिविरों के माध्यम से भी समस्याओं का निवारण करवा सकते है। इस अवसर पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।2
बाल देखभाल संस्थाओं का डीसी ने किया औचक निरीक्षण
-डीसी अभिषेक मीणा ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रेवाड़ी, 19 मार्च।
जिला बाल कल्याण परिषद के चेयरमैन एवं डीसी अभिषेक मीणा ने गुरुवार को बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित आस्था कुंज एवं बाल देखरेख संस्थान रेवाड़ी तथा ओपन शेल्टर होम बावल का निरीक्षण किया। डीसी ने निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्टाफ सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने निरीक्षण के दौरान संस्थाओं में रह रहे बच्चों की आवास, भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। डीसी ने जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बच्चों को दी जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया और परिषद की कार्य प्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने इस अवसर पर बाल देखरेख संस्थान में रह रहे बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। डीसी ने स्टाफ सदस्यों से कहा कि वे बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि वे किसी प्रकार की कमी महसूस न करें। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ उनकी स्वास्थ्य जांच भी समय पर सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान डीसी अभिषेक मीणा ने बावल उपमंडल के बाल भवन में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी, कम्प्यूटर, सिलाई व ब्यूटी प्रशिक्षण केंद्र सहित समस्त परिसर की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप-निदेशक अमित पंवार, जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव, जिला बाल संरक्षण इकाई सामाजिक कार्यकर्ता अन्नु, सदस्य बाल कल्याण समिति बलजीत व नीतू चौधरी, अधिक्षिका बाल गृह मुग्धा यादव, विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण मैनेजर धर्मबीर, कौशल्या देवी, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।