Sonipat anaj mandi dhaan kharid band kisan pareshaan
Sonipat anaj mandi dhaan kharid update : खरीफ खरीद सीजन के दौरान पीआर धान उत्पादक किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। नियमित तौर पर सरकारी खरीद न होने की वजह से किसानों को मजबूरी में सोनीपत अनाज मंडी से धान वापस लेकर जाना पड़ रहा है। मंगलवार को भी खरीद प्रक्रिया बंद रहने व समय पर खरीद न होने से परेशान सोनीपत जिले के किसान ने जेसीबी मशीन से धान वापस ट्रॉली में लोड करवाते हुए नजर आए।
दरअसल, सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की पीआर किस्म की ही खरीद करती है। सरकारी खरीद के लिए सरकार द्वारा 22 सितम्बर को पोर्टल ओपन कर दिया गया था, जिसके बाद किसान काफी मात्रा में धान लेकर मंडी में पहुंच रहे हैं, लेकिन खरीद प्रक्रिया बेहद धीमी होने की वजह से किसानों को धान बेचने के लिए कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
पिछले कई दिनों से धान की सरकारी खरीद नहीं हो पाई थी। ऐसे में किसानों को उम्मीद थी कि मंगलवार को धान की खरीद होगी, परन्तु मंगलवार को भी खरीद नहीं हो पाई। जिसके कारण किसानों को निराशा का सामना करना पड़ा।
हुल्लाहेड़ी गांव के किसान ने लगाए कई गम्भीर आरोप
मंगलवार को पी आर धान की खरीद न होने से परेशान हुल्लाहेड़ी गांव के किसान रविन्द्र ने कई गम्भीर आरोप लगाए। किसान रविन्द्र ने बताया कि सरकार की तरफ से किसान को पूरा रेट दिया जा रहा है, लेकिन मिलर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदने में आनाकानी कर रहे हैं। रोषित किसान ने आरोप लगाया कि मिलर धान की बोली लगा रहे हैं, जो किसान सरकारी रेट पर ही धान खरीदने पर अड़ा रहता है उस किसान का धान खरीदने के दौरान देरी की जा रही है। कभी नमी अधिक बताकर तो कभी काला धान बताकर खरीद को टाल रहे हैं।
किसान रविन्द्र ने आरोप लगाया कि गेट पास 9 अक्तूबर को कटने के बावजूद अब तक उसके धान की खरीद नहीं हो पाई है। रविन्द्र ने बताया कि वह 15 एकड़ भूमि में उगाया गया धान लेकर मंडी में पहुंचा था, परन्तु अब इसे वापस लेकर जाना पड़ रहा है, क्योंकि कोई खरीद नहीं हो पा रही है।
अब तक खरीदा गया है करीब 8 हजार क्विंटल धान
सोनीपत अनाज मंडी में पी.आर धान की खरीद प्रक्रिया काफी धीमी चल रही है, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक करीब ४ हजार क्विंटल धान की ही खरीद हो पाई है। जबकि हजारों क्विंटल धान मंडी में पड़ा हुआ है। कई किसान धानबिकने में हो रही देरी की वजह से अपना धान वापस उठाकर ले जा चुके हैं। 22 सितम्बर से लेकर अब तक पोर्टल ओपन हुए महीना हो गया है, लेकिन धान की खरीद मुश्किल से 7 दिन भी नहीं हुई है। नियमित धान की खरीद न होने की वजह से किसानों को मंडी में लम्बा इंतजार करना पड़ रहा है।
पी. आर. धान की खरीद प्रक्रिया दीपावली की छुट्टी की वजह से बंद थी। हालांकि मंगलवार को भी खरीद नहीं हो पाई। अब तक करीब 8 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं। धान में नमी की मात्रा अधिक होने की वजह से भी खरीद प्रक्रिया स्लो है। नियमानुसार नमी होते ही ढेरी को खरीद लिया जाता है।
ज्योति, हैफेड प्रतिनिधि, सोनीपत अनाज मंडी।