Hansi Jind Road Accident में घायल अग्निवीर अनुज ने इलाज के दौरान चार दिन बाद तोड़ा दम
हांसी चंडीगढ़ सड़क मार्ग पर गांव गंगनखेड़ी के पास चार दिन पहले हुए सड़क हादसे ( Gagan Kheri Road Accident) में गंभीर रूप से घायल भैणी अमीरपुर निवासी अग्निवीर जवान अनुज ने रविवार की सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को गांव लाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। हिसार कैंट से पहुंची सेना की टुकड़ी ने जवान को अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि दी। अनुज के चचेरे भाई अंकित ने उसे मुखाग्नि दी। उनकी अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा और बलिदान अनुज अमर रहे के नारों से गांव गूंज उठा। नायब तहसीलदार नरेंद्र गौतम व नारनौंद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने भी पहुंच कर श्रद्धांजलि दी।






