young man was murdered in Bhiwani Chara Mandi
भिवानी चारा मंडी में सलमान खान का मर्डर, शरीर पर चोट के निशान
Bhiwani News : भिवानी की चारा मंडी में एक युवक का मर्डर करने का मामला सामने आया है। चारा मंडी के गेट पर शव पड़ा देख आसपास के क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया तो उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।
मंगलवार की दोपहर को भिवानी की चारा मंडी के गेट पर एक युवक बेसुध हालत में पड़ा हुआ मिला। लोगों ने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भिवानी सिटी थाना प्रभारी सत्यनारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक की मौत हो चुकी है और उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास किए तो उसकी पहचान डाबर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सलमान खान के रूप में हुई।
पुलिस ने इस वारदात की सूचना मृतक के परिजनों को दी तो उसके परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक दो बेटियों का पिता है। सलमान खान का मर्डर क्यों और किसने किया है इसकी पुलिस जांच करने में लगी हुई है। पुलिस ये भी जांच कर रही है कि सलमान की हत्या हुई है या फिर वो गिरकर चोटिल हो गया और समय पर उपचार ना मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस परिजनों के ब्यान दर्ज करने में लगी हुई।
इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी सत्यनारायण से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि चारा मंडी के गेट पर एक युवक के बेसुध होने की सूचना मिली थी। जब वो मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। उसकी मौत के असली कारणों का पता तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही साफ हो पाएगा कि उसकी मौत कैसे हुई है। पुलिस मृतक के परिजनों के ब्यान दर्ज करने में लगी हुई है।