मेहमड़ा में अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई 16 सितंबर को
Fatehabad News: फतेहाबाद जिले के मेहमड़ा गांव में बस स्टैंड के आसपास पंचायत की जमीन पर बनी करीब 32 दुकानों को हटाने की कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। पंचायत विभाग की ओर से दुकानदारों को 15 सितंबर तक दुकानें खाली कर कब्जा छोड़ने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय तक कब्जा नहीं हटाने पर 16 सितंबर को पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से दुकानें गिराई जाएंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एक साल में 8 बार मिल चुके हैं निर्देश
जानकारी के अनुसार बस स्टैंड पर पंचायत की करोड़ों रुपये की जमीन पर करीब 32 दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों को हटाने के लिए विभाग की ओर से पिछले करीब एक साल में आठ बार निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया।
अब पंचायत विभाग ने दोबारा कार्रवाई की तारीख तय करते हुए दुकानदारों को 15 सितंबर तक स्वयं कब्जा हटाने को कहा है। इसके बाद 16 सितंबर को प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई का खर्च भी कब्जाधारकों से वसूला जाएगा
पंचायत विभाग के निर्देश के मुताबिक यदि दुकानदार तय समय सीमा में दुकानें नहीं हटाते हैं तो जेसीबी और अन्य संसाधनों से कब्जे हटाने की कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई में आने वाला खर्च कब्जाधारकों से वसूल किया जाएगा।
विभाग ने राजस्व विभाग को भी पत्र भेजकर संबंधित पटवारी को मौके पर रिकॉर्ड के साथ मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि जमीन से संबंधित रिकॉर्ड और मौके की स्थिति का मिलान किया जा सके।
40 कर्मचारियों की पुलिस फोर्स की मांग
कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विरोध या विवाद न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन से 40 कर्मचारियों की पुलिस फोर्स मांगी गई है। इसमें 25 पुलिस जवान और 15 महिला पुलिसकर्मी शामिल रहने की बात कही गई है।
झगड़े की आशंका को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरपंच और ग्राम सचिव को जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, मजदूर तथा अन्य जरूरी इंतजाम पहले से पूरा रखने को कहा गया है।
कुछ दुकानदारों ने दुकानें आगे बेच रखी हैं
पंचायत की ओर से बताया गया है कि करीब 32 लोगों ने पंचायत की जमीन पर दुकानें बनाकर कब्जा किया हुआ है। इनमें से कुछ लोगों ने अपनी दुकानें आगे बेच रखी हैं।
वहीं, कुछ दुकानदारों ने दुकानें किराये पर भी दे रखी हैं, जबकि कुछ दुकानें खाली पड़ी हैं। पंचायत का कहना है कि इन कब्जों के कारण ग्राम पंचायत के राजस्व को नुकसान हो रहा है।
15 साल से कब्जे की बात, कई बार दिए गए नोटिस
सरपंच देवी लाल के अनुसार बस स्टैंड की जमीन पर यह कब्जा करीब 15 साल से बताया जा रहा है। पंचायत की ओर से कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया।
सरपंच के मुताबिक पंचायत स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया पहले भी पूरी की जाती रही है, लेकिन मौके पर कार्रवाई टलती रही। अब विभाग से फिर आदेश मिलने के बाद 16 सितंबर को कब्जे हटाने की तैयारी की जा रही है।















