उचाना में कार और बाइक की भिड़ंत, पशु व्यापारी युवक की दर्दनाक मौत; अज्ञात चालक फरार
Jind News Today: जींद जिले के उचाना में कार-बाइक की टक्कर (Accident) होने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कारवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
करसिंधु खरक बूरा रोड़ एक्सीडेंट
उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव करसिंधु निवासी विक्रम ने बताया कि उसका भाई मंदीप (35) पशु खरीदने बेचने का काम करता था। उसका भाई बाइक पर सवार होकर नरवाना जा रहा था कि जब वो करसिंधु खरक बूरा रोड़ पर पहुंचा तो अज्ञात कार चालक ने मंदीप की बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने से मंदीप बाइक सहित सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अज्ञात वाहन चालक हादसे को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने दी हादसे की सूचना
राहगीरों ने मंदीप को पहचान लिया। क्योंकि वो पशु व्यापारी के रूप में पूरे एरिया में अपनी अच्छी पहचान बनाए हुए था। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस और उसके परिजनों को दी। गंभीर रूप से घायल मंदीप को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची उचाना थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शव को मौर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के भाई विक्रम की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक शादीशुद्दा था और उसके दो बेटियां व एक बेटा है।










