Hisar Murder News: Jatin Murder Case
Hisar News Today: डाटा-गुराना माइनर से मिले शव की पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या की गई है। बरवाला सीआईए पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र से दो व जींद जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था।
Data Gurana Minor News: 16 सितंबर को शव डाटा-गुराना माइनर से बरामद हुआ तो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था। मृतक युवक की पहचान मिल गेट हिसार के विनोद नगर निवासी जतिन के रूप में हुई। एचटीएम थाना में पहले ही उसके पिता चंद्र मोहन ने 14 सितंबर से लापता होने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
Barwala Crime News: पुलिस के मुताबिक जब जतिन के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसमें खुलासा हुआ कि जतिन की मौत हादसा नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का जिक्र भी किया गया है कि जतिन की गर्दन की हड्डी टूटी हुई है। इस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए बरवाला सीआईए पुलिस और एचटीएम थाना पुलिस की टीम ने साइबर सेल की मदद से मामले को सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस ने जतिन हत्याकांड (Jatin Murder Case) मामले में शक के दायरे में आए तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि उन्होंने ही जतिन की हत्या की है। लेकिन उन्होंने जतिन की हत्या क्यों और किस कारण से की है, इसकी पूछताछ करने के लिए पुलिस तीनों आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी।
हिसार की बरवाला सीआईए पुलिस द्वारा जतिन हत्याकांड में पकड़े गए आरोपितों की पहचान जींद जिले के गांव जीतगढ़ निवासी अश्वनी पुत्र सुरेंद्र, हांसी जिले के गांव उगालन निवासी लक्ष्य पुत्र विजय कुमार और रोहित पुत्र सुरेश कुमार के रूप में हुई।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से हत्या की वजह, हत्या कैसे और कहां पर की, शव को खुर्द-बुर्द करने में प्रयोग वाहन की बरामदगी, हथियार व अन्य साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच करते हुए हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई है। ताकि अदालत से सबूतों के अभाव में कोई भी आरोपित बच न पाए।










