Jind Theft News: जींद में चोरों का आतंक लगातार बढ़ रहा। शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय मकान मालिक घरों से बाहर थे। चोर मकानों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। संबंधित थाना पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
40 हजार रुपये की नकदी चोरी
भारत नगर निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 नवंबर को उसके पिता सड़क हादसे में घायल हो गए थे। परिवार के सभी सदस्य उन्हें लेकर अस्पताल गए हुए थे। पीछे से चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सुबह परिवार के वापस लौटने पर चोरी का पता चला। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दीपक की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
वहीं, सेक्टर-11 निवासी सोनिया ने बताया कि 12 नवंबर को दोपहर बाद वह कुछ समय के लिए घर से बाहर गई थी। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने की चेन, दो लाकेट, कानों की बालियां, पायल और नकदी चोरी कर ली।
तीसरी वारदात न्यू कृष्णा कालोनी निवासी किरण के मकान में हुई। किरण के अनुसार छह नवंबर की रात चोर मकान में घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के मंगलसूत्र, कोका, पांच जोड़ी पाजेब और दो चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि पुलिस जल्द चोरों का पता लगा लेगी।















