Bhiwani Bawani Khera Kungar Doctor Attack
Bhiwani News in Hindi: भिवानी जिले के बवानी खेड़ा में एक डॉक्टर पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बवानी खेड़ा थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भिवानी जिले के गांव कुंगड़ निवासी विकास कुमार पुत्र रणबीर ने बवानी खेड़ा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई-बहन हैं और दोनों ही शादीशुदा हैं। उसने गांव में डॉक्टरी का क्लीनिक (दुकान) खोला हुआ है। 26 अक्टूबर की शाम को करीब पौने नौ बजे वह दुकान को बंद करके अपनी बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। घर के नजदीक मोड़ पर अचानक एक बोलेरो गाड़ी आ गई और बाइक हल्की-सी टच (छू) हो गई।
बोलेरो गाड़ी एकदम नई थी। उससे एक युवक उतरा और कहने लगा कि देखकर नहीं चल सकता। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। जब वह घर जाने लगा तो उस लड़के ने उसकी बाइक रुकवा ली। इसी दौरान किसी ने पीछे से उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। डंडा लगते ही वह जमीन पर गिर गया और दोनों युवकों ने अंधाधुंध तरीके से उस पर हमला कर दिया।
विकास ने बताया कि वह बचाव-बचाव का शोर मचा रहा था। उसकी आवाज सुनकर जब आसपास के लोग आए, तो दोनों युवक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गए। बोलेरो गाड़ी के चालक और उसके साथी द्वारा किए गए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत ही उसे बवानी खेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार कर भिवानी रेफर कर दिया।
कुंगड़ गांव में डॉक्टर पर हमला
कुंगड़ गांव में डॉक्टर पर हमले की सूचना मिलते ही बवानी खेड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। उपचाराधीन डॉक्टर विकास की शिकायत पर पुलिस ने बोलेरो गाड़ी चालक और उसके साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।















