Jind Nidani Firing Case
Jind News in Hindi: जींद जिले के निडानी गांव में एक दामाद पर अपनी ही दादी सास पर पिस्तौल तानने और गली में फायरिंग करने का आरोप लगा है। फायरिंग की इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। जींद सदर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से ही कर रहा था प्रताड़ित
गांव निडानी निवासी केला (पत्नी सतबीर) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने अपनी पोती नेहा की शादी माल सिवाहा निवासी साहिल (पुत्र राजेश) के साथ बड़े धूमधाम से की थी। शादी में उन्होंने दान-दहेज के साथ लगभग 15 तोले सोने के जेवरात और डेढ़ किलो चांदी भी दी थी।
शादी के कुछ समय बाद ही साहिल उनकी पोती नेहा के साथ मारपीट और प्रताड़ना करने लगा। नेहा ने एक बेटे सत्यम को जन्म दिया, लेकिन साहिल की हरकतों में कोई सुधार नहीं आया।
पंचायत के बाद भी नहीं निकला समाधान
साहिल की प्रताड़ना से तंग आकर नेहा करीब तीन महीने पहले अपने मायके निडानी आ गई और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन नेहा और साहिल के विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका।
गली में हाथापाई और हवाई फायरिंग
पीड़िता के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे वह अपने दोहते सत्यम को पड़ोसियों के घर के बाहर खिला रही थी। तभी साहिल वहाँ पहुँचा और उसके पति के साथ गाली-गलौज करने लगा। कुछ देर बाद वह गली में आ गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बच्चे को छीनने की कोशिश करने लगा।
जब दादी सास (केला) ने इसका विरोध किया, तो साहिल ने पिस्तौल निकाल ली और उन पर तान दी। आरोप है कि साहिल ने हवाई फायर किया और महिला के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। फायरिंग की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो साहिल पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच शुरू
मारपीट में घायल महिला को परिजन नागरिक अस्पताल, जींद ले गए, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। जींद सदर थाना पुलिस ने केला की शिकायत के आधार पर आरोपी दामाद के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।














