मामूली टक्कर बनी खूनी खेल! कारोबारी पर रॉड-डंडों से हमला, लूटपाट
Rohtak News in Hindi: रोहतक में बीच सड़क पर एक कारोबारी पर युवकों ने हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कार सवार युवकों ने उनकी स्कार्पियो एन को आगे और पीछे से घेरकर हमला कर दिया। डंडों और राड से पीटने के बाद हमलावर उनके गले से पांच तोले की सोने की चेन तोड़कर ले गए। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
राहगीरों ने घायल नितिन को पीजीआइएमएस में भर्ती कराया। बाद में परिजनों ने उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। नितिन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
Businessman attacked in Rohtak
छोटू राम कालोनी निवासी नितिन की बाईपास पर नट-बोल्ट की डाई बनाने की फैक्ट्री है। शिकायत के मुताबिक, 26 अक्टूबर को सुबह करीब 10:15 बजे वह अपने भाई नवदीप की स्कार्पियो एन से सोम स्वीट चौक से चार खंभा चौक जा रहे थे। तभी काली स्विफ्ट कार सामने आकर रुकी। उसमें से तीन-चार युवक डंडे और राड लेकर उतरे और गाड़ी पर हमला कर दिया। नितिन ने पीछे हटने की कोशिश की तो बिना नंबर प्लेट की दूसरी कार ने रास्ता रोक लिया। युवकों ने उन्हें बाहर खींचकर पीटा। मुंह पर कपड़ा था।
झज्जर चुंगी पर आइ-20 से टक्कर के बाद विवाद
नितिन ने आरोप लगाया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे झज्जर चुंगी के पास उनकी कार की सफेद आइ-20 से टक्कर हुई थी। आइ-20 शिवाजी कालोनी निवासी राजू अहलावत चला रहा था। नितिन ने हमले में राजू के बेटे तनुज अहलावत और उसके साथियों पर संलिप्तता का आरोप लगाया। उन्होंने गाड़ी के डैशबोर्ड में तीन लाख रुपये रखे होने की बात भी कही है।















