Sonipat News Abtak: खरखौदा के गांव पिपली में युवक विक्रम की कार से टक्कर मारकर हत्या के मामले में खरखौदा पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला गांव की ही रहने वाली है। पुलिस अब उसके पति नवीन की तलाश कर रही है।
पिपली निवासी रवि ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 4 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली कि उसका छोटा भाई विक्रम खेत में घायल अवस्था में पड़ा है। उसके सिर पर गहरी चोट थी और हाथ व पैर भी बुरी तरह घायल थे। उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत में नवीन, बीरभान और प्रदीप पर कार से टक्कर मारने का आरोप लगाया गया था।
थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि नवीन ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कार से विक्रम व उसके साथियों को टक्कर मारी थी। विवाद के बाद नवीन पहले मौके से चला गया था, लेकिन पत्नी के साथ वापस लौटकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। नवीन की तलाश जारी है।
















