Hansi Petwar Youth arrested with leopard skin
Hansi News Abtak: सीआईए -1 हांसी द्वारा वन्य जीव विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन्य जीव तेंदुए की खाल सहित पेटवाड़ गांव के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तेंदुए की खाल बरामद की है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए गए।
उप नि प्रदीप कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया गया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गांव पेटवाड़ निवासी सोनू कुमार अपने पास संरक्षित वन्य जीव तेंदुए की खाल रखे हुए है तथा उसे छिपाने के लिए पेटवाड़ से थूराना जाने वाली सड़क की तरफ खेतों में जाने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वन्य जीव विभाग की टीम व अपराध अनुसंधान शाखा (CIA) हांसी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।
इसके बाद वन्य जीव विभाग एवं CIA हांसी की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक युवक कपड़े के थैले के साथ आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह वापस मुड़कर जाने लगा, जिस पर टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ निवासी सोनू कुमार पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से संरक्षित वन्य जीव तेंदुए की खाल बरामद हुई।
बरामद खाल की पैमाइश करने पर उसकी कुल लंबाई 207 सेंटीमीटर, चौड़ाई 128 सेंटीमीटर तथा पूंछ की लंबाई 80 सेंटीमीटर पाई गई। नियमानुसार खाल का नमूना अलग निकालकर सीलबंद किया गया तथा शेष खाल को भी कब्जा पुलिस में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
थाना नारनौंद में आरोपी सोनू कुमार के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50, 51(A), 52(A) व 55 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।














