सात एजेंसियों ने बेसहारा पशुओं को पकड़ने के कार्य के लिए किया आवेदन, जल्द पूरी होगी टेंडर आवंटन की प्रक्रिया
Hansi News Abtak: डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि शहरवासियों को बेसहारा पशुओं और बंदरों की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस दिशा में नगर परिषद की ओर से व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। आगामी 10 से 15 दिनों में शहर में बेसहारा पशुओं और बंदरों को पकड़ने का विशेष अभियान शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर आवंटन सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा शहर में लगभग 1400 बेसहारा पशुओं को पकड़कर निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इस कार्य के लिए नगर परिषद की ओर से एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें कुल सात एजेंसियों ने आवेदन किया है। अब जल्द ही टेंडर आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित एजेंसी को कार्य सौंप दिया जाएगा। इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बेसहारा पशुओं को पकड़ने का कार्य शुरू करवाया जाएगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि बेसहारा पशुओं को पकड़ने और बंदरों को पकड़ने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दोनों कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित एजेंसियों के माध्यम से पूरा करवाया जाएगा। नगर परिषद का प्रयास है कि टेंडर आवंटन की औपचारिकताएं जल्द पूरी हों और बिना अनावश्यक देरी के अभियान शुरू किया जा सके।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। बेसहारा पशुओं और बंदरों की समस्या के समाधान के लिए शुरू किया जा रहा यह अभियान शहरवासियों के लिए काफी राहतकारी साबित होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया में तेजी लाने और अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।















