उगालन अवैध लाहन बरामद
हरियाणा न्यूज ( सुनील कोहाड़ ) हांसी : थाना बास पुलिस ने गांव उगालन में दबिश देकर जमीन में दबाकर रखा गया 90 लीटर कच्ची शराब का लाहन बरामद किया है। पुलिस ने यह लाहन आरोपी महिला के घर के पास खाली जगह में कूड़े के नीचे दबा हुआ पाया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान महिला घर पर मौजूद नहीं मिली। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कच्ची शराब तैयार कर बेचने का काम
मुखबिर की सूचना पर की गई छापेमारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई (ASI) अपनी टीम के साथ जींद-भिवानी रोड स्थित उगालन मोड़ पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि गांव उगालन निवासी बीरमति पत्नी सतपाल अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर बेचने का काम करती है और उसने अपने घर के पास खाली जगह में लाहन दबाकर रखा हुआ है।
90 लीटर लाहन बरामद
कूड़े के नीचे जमीन से निकलीं 6 कैनियां सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां मौजूद गांव के पूर्व मेंबर बणी सिंह पुत्र मुंशी राम को स्वतंत्र गवाह के रूप में शामिल कर तलाशी ली गई। घर की दीवार के पास खाली जगह में कूड़े के नीचे जमीन में दबी 6 सफेद कैनियां मिलीं। प्रत्येक कैनी की क्षमता 15 लीटर थी, जिनमें तरल पदार्थ भरा हुआ था। जांच व पूछताछ के आधार पर यह अवैध लाहन पाया गया, जिसकी कुल मात्रा 90 लीटर थी।
ई-साक्ष्य ऐप पर हुई वीडियोग्राफी पुलिस ने सभी कैनियों का मुंह सफेद कपड़े से बांधकर मोहर ‘RK/01-1’ से सील किया और बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप (E-Sakshya App) पर दर्ज की गई। स्वतंत्र गवाह ने भी बरामद लाहन बीरमति का होने की पुष्टि की। पूछताछ में पता चला कि बीरमति उस समय घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस ने आबकारी निरीक्षक को भी सूचित किया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।











