परिसीमन में हरियाणा सहित उत्तर भारत के साथ अन्याय की साजिश : मनोज राठी
परिसीमन पर सियासी घमासान: केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। हांसी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज राठी ने इस बिल का कड़ा विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि केंद्र की भाजपा सरकार परिसीमन के नाम पर हरियाणा सहित उत्तर भारत के राज्यों के साथ अन्याय कर रही है।
जनसंख्या के अनुपात में सीटें बढ़ाने की मांग

प्रेस को जारी बयान में मनोज राठी ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया जनता की राय लिए बिना आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि नए प्रस्ताव के तहत उत्तर भारत के राज्यों की जनसंख्या के अनुपात में लोकसभा सीटें कम बढ़ाई जा रही हैं, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों को अपेक्षाकृत अधिक सीटें दी जा रही हैं। राठी के अनुसार, हरियाणा की आबादी लगभग 4.5 करोड़ होने के बावजूद परिसीमन के बाद प्रदेश की लोकसभा सीटें केवल 15 रहने की बात सामने आ रही है, वहीं केरल की जनसंख्या करीब 2.5 करोड़ होने के बावजूद वहां सीटों की संख्या 30 तक होने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिसीमन वर्तमान जनसंख्या के अनुपात में होना चाहिए ताकि सभी राज्यों को संसद में उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।
भाजपा नेताओं की चुप्पी पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने हरियाणा के भाजपा नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे इस संवेदनशील मुद्दे पर मौन क्यों हैं। उन्होंने अपील की कि प्रदेश के भाजपा नेताओं को प्रधानमंत्री से इस विषय पर जवाब मांगना चाहिए। राठी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि लोकसभा में हरियाणा की भागीदारी कम होती है तो भविष्य में प्रदेश के हित प्रभावित होंगे और जनता इस चुप्पी को माफ नहीं करेगी।
कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी विरोध

मनोज राठी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस नए परिसीमन प्रस्ताव का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और उत्तर भारत के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर रामविलास जागड़ा, युवा प्रधान अजय बेरवाल और ललित रंगा सहित अन्य स्थानीय नेता मौजूद रहे।










