रास्ता रोक कर युवक पर जानलेवा हमला : 10 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज

sunilkohar

December 10, 2023

 Deadly attack on a youth by blocking the road: Case registered against 10 youths

हरियाणा न्यूज रतिया : बीती रात शहर के अनाज मंडी में स्थित शिव मंदिर के पास रास्ता रोककर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले को लेकर पुलिस ने 2 नामित युवकों सहित करीब 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उपरोक्त मामला अग्रोहा मैडीकल कालेज में दाखिल घायल अमित कुमार पुत्र अशोक कुमार वार्ड नंबर 12 की शिकायत पर नाली मौहल्ला के जग्गा व चमकीला के अलावा अन्य 10 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घायल ने पुलिस के समक्ष बयान देते हुए बताया कि बीती रात करीब 7 बजे वह अपने दोस्त साजन तथा आभी के साथ अपने घर जा रहा था तो इसी दौरान ही रास्ते में उपरोक्त नामित जग्गा व चमकीला अपने मोटरसाइकिल पर आ गए और उनके साथ अन्य अज्ञात युवक भी थे। आरोप लगाया कि इनके हाथों में गंडासे, कापे, तलवारें, डंडे आदि थे। घायल ने बताया कि इन लोगों ने आते ही उस पर जानलेवा हमला कर दिया और उसके सिर पर गंभीर चोटे मारने के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें पहुंचाई।

घायल ने बताया कि उपरोक्त युवकों द्वारा जानलेवा हमला करने के डर से उसके दोस्त वहां से भाग गए। इस दौरान शोर मचाया तो अन्य लोग एकत्रित हो गए, जिन्हें देखकर वह जान से मारने की धमकी देकर हथियारों सहित ही मौके से भाग गए। बाद में उसके भाई हैप्पी उर्फ हेमंत एवं नवीन ने ही बेहोशी की हालत में रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया था, लेकिन अस्पताल के चिकित्सकों ने अग्रोहा मैडीकल रैफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के समक्ष बयान देते हुए बताया कि उक्त नामित लोगों ने बिना वजह ही रास्ता रोककर उसके साथ कथित मारपीट की है और जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर नामित व अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 148, 149,323,324,341 व 506 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment