Bhiwani News : Siwani Mandi bhadar hatyakand update
Bhiwani News Today : भिवानी जिले के सिवानी मंडी में गाड़ियों से रास्ता रोककर युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में भिवानी सीआईए टू पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को प्रोटेक्शन वारंट पर लिया है। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस अब तक 18 बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सिवानी मंडी में हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार
सिवानी मंडी थाना पुलिस को गांव बिधवान निवासी अजीत ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 06.11.2023 को वह अपने भतीजे जयकुमार उर्फ भादर तथा दो अन्य व्यक्तियों के साथ कैंपर गाड़ी में गांव बिधवान से शिवानी आए थे। दोपहर के समय जब वे घघाला गांव के पास पहुंचे तो सामने से आई एक बोलेरो तथा एक अन्य कैंपर गाड़ी ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि वाहनों से उतरकर 8-10 युवकों ने शिकायतकर्ता के भतीजे जयकुमार पर फायरिंग कर दी। उसी दौरान पीछे से आई दो अन्य गाड़ियों से उतरे युवकों ने भी जयकुमार को जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। गोली लगने से जयकुमार उर्फ भादर की मृत्यु हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना शिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
भादर हत्याकांड में शामिल आरोपी
मामले की जांच के दौरान भादर हत्याकांड में शामिल आरोपी को दिनांक 30.01.2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र पुत्र दरबार सिंह निवासी गांव कावराशा, जिला जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
भादर हत्याकांड में मोबाइल फोन उपलब्ध करवाने वाला गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराया था, जिससे आरोपियों के बीच आपसी संपर्क स्थापित किया गया। आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह का सदस्य है तथा उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई अभियोग दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के उपरांत अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जिला कारागार उदयपुर (राजस्थान) भेज दिया गया हैं। भादर हत्याकांड में अब तक कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।