Fatehabad News: Child fell into water tank in Bhattu Kalan
भट्टू कलां में पानी के कुंड में गिरा बच्चा
Fatehabad News: फतेहाबाद जिले के भट्टू कलां में पानी के कुंड में डूबने से बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चा अपनी मां के साथ मां के मामा घर मिलने के लिए आया था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
खेलते हुए बच्चा पानी के कुंड में गिरा
मिली जानकारी के मुताबिक सिरसा जिले के गांव बप्पा निवासी प्रेम कुमार की शादी फतेहाबाद जिले के भट्टू कलां गांव में हुई थी। प्रेम कुमार के ढाई साल का बेटा रजत अपनी मां महेंद्रो देवी के साथ अपने ननिहाल भट्टू कला में मां के मामा सतु के घर आया था। रजत घर पर ही खेल रहा था कि मंगलवार की शाम को अचानक वह घर में बने पानी के कुंड ( पानी स्टोर करने के टैंक ) में गिर गया।
पानी के कुंड में पड़ा मिला बच्चा
काफी देर तक परिजनों को रजत दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन वो नहीं मिला। जब उन्होंने घर में बने पानी के कुंड में देखा तो बच्चा पानी के कुंड में पड़ा हुआ मिला। उसके मामा तुरंत ही कुंड में उतरे और अपने भांजे को पानी से निकलकर उपचार के लिए भट्टू कलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
सिरसा जिले के गांव में पसरा मातम
अपने बच्चों की मौत की सूचना मिलते ही सिरसा जिले के गांव बप्पा में प्रेम कुमार के घर पर मातम पसर गया वहीं बट्टू कला में भी उसके मामा के घर पर सबका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लेकिन परिजनों ने इसे इत्तेफाक बताया और बुधवार को बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।