Hansi News Today: Accident in Hansi of bike going from Pali village to Hisar
अचानक से कुत्ता आने से हुआ हादसा, ननिहाल से घर जा रहे थे तीनों भाई बहन
हरियाणा न्यूज टूडे/सुनील कोहाड़।
हांसी की ताजा खबर: गांव पाली से हिसार जा रहे बाइक सवार के सामने हांसी के गीता चौक के पास अचानक कुत्ता आने से बाईक सवार तीन भाई बहन घायल हो गए। घायलों इलाज के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। डॉक्टरों ने तीनों का प्राथमिक उपचार करके हिसार रेफर कर दिया।
हादसे में घायल करीब 24 वर्षीय मोहित ने बताया कि वह हिसार का रहने वाला है। मंगलवार को वह अपने ननिहाल पाली गांव में गया था। इसके बाद वह बाइक पर सवार होकर वापस हिसार जा रहा था। बाइक पर उसके साथ उसकी छोटी बहन करीब 6 साल की एलिजा व 11 वर्षीय भाई रेहान भी सवार था। जब वे नैशनल हाईवे पर गीता चौक के नजदीक पहुंचे तो अचानक एक कुत्ता बाइक के आगे आ गया। बाइक कुत्ते से टकराते ही हाईवे पर गिर गई और वे तीनों भी हाईवे के किनारे गिर गए।
इस हादसे में बाइक चला रहे मोहित के हाथ व पैर पर गंभीर चोट आई है। एलिजा व रेहान के हाथ पैर पर चोट आई है। गनिमत रही कि हादसे के दौरान हुए तीनों हाईवे के बीच में नहीं गिरे। वरना अनहोनी हो सकती थी। किसी राहगीर ने इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक मौके पर पहुंचा और तीनों घायलों को हांसी के नागरिक अस्पताल में लेकर आया।
