HBN Haryana News, Smuggler arrested with opium worth lakhs of rupees
एंटी नारकोटिक सैल सिरसा पुलिस टीम ने गश्त के दौरान पुरानी हाऊसिंग बोर्ड सिरसा क्षेत्र से एक अफीम तस्कर को करीब 3 लाख रुपए की 1 किलो 526 ग्राम अफीम के साथ काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपित नशा तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है कि वह इतनी भारी मात्रा में अफीम कहां से लेकर आया है और इसको कहां पर सप्लाई करने के लिए जाने वाला था।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सैल सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पैक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान रामचलितर कुमार उर्फ रितेश कुमार पुत्र बाबू चंद निवासी गांव कलवन, थाना आमस, तहसील दरिओरा, जिला गया (बिहार) हाल किराएदार पुरानी हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी सिरसा के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सैल सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान शहर की अनाज मंडी से होते हुए पुरानी हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी सिरसा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी जब अनाज मंडी सिरसा के पीछे वाली गली के नजदीक पंहुची तो गली में एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का थैला लिए हुए आता हुआ दिखाई दिया।
व्यक्ति सामने पुलिस पार्टी को देखकर भागने की कोशिश करने लगा तो पुलिस ने शक के आधार पर व्यक्ति को काबू कर डी.एस.पी. आदर्शदीप सिंह की मौजूदगी में उसके हाथ में लिए प्लास्टिक थैला की तलाशी ली तो उसके कब्ज़े से करीब 3 लाख रुपए की 1 किलो 526 ग्राम अफीम बरामद हुई।