Narnaund News : Petwar Nali Vivad Old Man Died
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!Narnaund News: हांसी जिले के नारनौंद के नजदीकी गांव पेटवाड़ में रविवार की रात को पानी निकासी नाली को लेकर विवाद में धक्का लगने से गिरकर बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इस मामले में नारनौंद थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज करके सोमवार को मृतक के शव का हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की रात करीब साढ़े सात बजे गांव पेटवाड़ के खेतों में बारिश का पानी निकालने को लेकर नाली खोदने को लेकर खेत मालिक और भट्ठा मुंशी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के चलते धक्का लगने से बुजुर्ग रणबीर गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलते ही नारनौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी थी। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था।
पुलिस ने मृतक रणबीर के बेटे अनूप की शिकायत पर भट्ठा मुंशी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को मृतक के परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक चार बच्चों का पिता था, जिनमें से एक बेटा और तीन बेटियां हैं और वो अपने परिवार सहित खेत में बने मकान में ही रहता था।
विस्तार से पढ़ें मृतक के बेटे ने पुलिस को दिए ब्यान में क्या कहा
मैं अनूप सिंह s/o रणवीर गाँव पेटवाड़ का रहने वाला हूँ। हम 4 भाई – बहन हैं जिसमें मैं अकेला भाई व मेरी 3 बहनें हैं। मैं अपने माता-पिता के साथ हमारे खेतों में मकान बनाकर रहता हूँ। हमने अपनी जमीन विरेन्द्र गुलिया उर्फ सोनू बालाजी ईंट भट्ठा मालिक को किराये पर दे रखी है जिसपर ईंट भट्ठा लगा हुआ है। इस भट्ठा पर बारिश के कारण एक साइड में पानी भर गया था जिसको भट्ठा मुंशी श्रीपाल s/o रामफल, R/o गोपालपुर, जिला-प्रतापगढ़, U.P. निकालने के लिए JCB लेकर आया और JCB से नाली खुदवाकर पानी निकलवाने लगा तो यह पानी हमारे घर से मेरे चाचा सुरेन्द्रपाल के घर पर आने-जाने वाले रास्ते पर आ गया था तो JCB को रुकवाने के लिए मेरे पिता रणवीर वहां गए थे, उस समय 7/7:30 PM मैं अपने घर की छत पर खड़ा होकर यह सब देख रहा था। जब मेरे पिता रणवीर भट्ठा मुंशी श्रीपाल को यह नाली खोदने से मना करने लगे तो भट्ठा मुंशी व मेरे पिता की आपस में कहा-सुनी हो गई। उसके बाद भट्ठा मुंशी श्रीपाल s/o रामफल, R/o गोपालपुर, जिला-प्रतापगढ़, UP ने मेरे पिता रणवीर को धक्का मारा जिससे मेरा पिता जमीन पर गिर गया यह देखकर मैं भी मौके पर पहुंचा और मेरे पिता को देखा तो मेरे पिता की मौके पर मौत हो चुकी थी। भट्ठा मुंशी श्रीपाल s/o रामफल R/o गोपालपुर, जिला-प्रतापगढ़, UP के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए।









