Married woman dies during hysterectomy operation in Hisar News
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!Hisar News: हिसार के एक निजी अस्पताल में बच्चेदानी के आपरेशन के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुरालपक्ष पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मृतका के ससुरालजनों ने उसे बाहरी चोट मारी या जहरीला पदार्थ पिलाया, जिस कारण उसकी मौत हुइ है। आजाद नगर थाना पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने फिलहाल इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। :
पुलिस को दी गई शिकायत में ढाणी सांचला निवासी संजय कुमार ने बताया कि वे उकलाना मंडी में फिजियोथैरेपी का क्लीनिक चलाते हैं। उन्होंने बताया कि छोटी बहन 29 वर्षीय ऊषा की शादी पांच अप्रैल 2022 को आर्यनगर के रहने वाले मनोज के साथ की थी। उसे आठ माह की बेटी है। शादी के बाद से ससुराल वाले मेरी बहन के साथ मारपीट करते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। पंचायती तौर पर समझौता करने के बाद बहन को उसके ससुराल भेज दिया था।
उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को पिता कृष्ण का शहर के एक निजी अस्पताल में पथरी का आपरेशन हुआ था। मेरी बहन पिता से मिलने के लिए अस्पताल आई थी। उस दौरान उसके ससुरालवालों ने जाने से मना किया और कहा था कि अगर पिता से मिलने के लिए गई तो जान से मार देंगे। 29 अगस्त की रात को जीजा मनोज का फोन आया कि ऊषा को दिक्कत है उसे शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर आए हैं। पता चलने पर मां और परिवार के सदस्यों के साथ अस्पताल में पहुंचें। वहां पर ऊषा का वेंटिलेटर पर उपचार चल रहा था।
इस दौरान पता चला कि बच्चेदानी फटने के कारण आपरेशन किया जा रहा है। बाद में आपरेशन के दौरान मौत हो गई। स्वजन का कहना है कि हमें शक है कि ऊषा के ससुरालवालों ने उसे बाहरी चोट मारी है या फिर जहरीला पदार्थ दिया है जिस कारण उसकी मौत हो गई। आजाद नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।











