इनेलो के पोस्टर से कांग्रेस विधायक और उनके समर्थक बेचैन
नारनौंद की राजनीति में पोस्टर वार से सियासत गर्माई हुई है। नारनौंद से कांग्रेस विधायक और उनके समर्थकों की नींद उड़ी हुई है, इनेलो की मेवात रैली के बाद हलचल साफ दिखाई पड़ रही है। इनेलो नेताओं के एक पोस्टर ने विधायक और उनके समर्थकों को बेचैन कर रखा है। वहीं, इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने कांग्रेस विधायक और भाजपा के पूर्व मंत्री पर विकास कार्यों को लेकर तंज कसा है और मौजूदा विधायक के साथ-साथ पूर्व विधायक पर भी सवाल उठाए हैं।
इनेलो की मेवात रैली से पहले हरियाणा कांग्रेस की तरफ से नारनौंद हल्के के बास अनाज मंडी में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में कांग्रेस विधायक ने नारनौंद से पूर्व विधायक रहे कैप्टन अभिमन्यु और INLD पर निशाना साधा था। यहीं से शुरू हुई ( Narnaund Politics) नारनौंद की राजनीतिक बयानबाजी अब पोस्टर वार में बदल गई है।
हरियाणा की राजनीति में गर्माहट
इनेलो नेता उमेद लोहान ने भी मेवात रैली के मंच से लाखों लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ सहित ‘जैकेट गैंग’ और हुड्डा कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “वोट काटू नहीं, हम रांद काटूं हां।” वहीं, इनेलो सुप्रीमो ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और उनके सांसद पुत्र सहित कांग्रेस की ‘जैकेट गैंग’ पर पैसे लेकर वोट बेचने के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद हरियाणा की राजनीति में गर्माहट बढ़ गई है और मीडिया से ज्यादा सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी साफ दिखाई दे रही है।
तेजा खेड़ा फार्म हाउस पर भैंसों और कटड़ों को नहलाया
कांग्रेस विधायक समर्थक दिन में कई-कई पोस्ट कर इनेलो और पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर निशाना साध रहे हैं। वहीं, इनेलो नेताओं ने कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ पर इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला से लाखों रुपये लेकर पार्टी छोड़ने का आरोप लगाया है। इसके अलावा फेसबुक पर AI से बनाया गया एक फोटो भी वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया गया है कि जब कांग्रेस विधायक इनेलो में थे, तब वह अभय चौटाला के तेजा खेड़ा फार्म हाउस पर भैंसों और कटड़ों को नहलाया करते थे। इस फोटो को लेकर भी सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

इसके बाद दोनों पार्टियों के नेताओं की तरफ से एक-दूसरे पर बयानबाजी का दौर और तेज हो गया है। इनेलो नेता उमेद लोहान ने दो दिन पहले ही नारनौंद में प्रेसवार्ता करके जस्सी पेटवाड़ पर हमला बोला था। इनेलो, कांग्रेस और भाजपा की इस बयानबाजी के बीच बुधवार को AAP नेता भी मैदान में कूद गए हैं। उन्होंने नारनौंद-खांडा रोड और नारनौंद-पेटवाड़ रोड पर चल रहे पेचवर्क व मरम्मत कार्य तथा करीब आठ साल पहले बास गांव में बनाई गई स्वास्थ्य विभाग की इमारत को लेकर सवाल उठाए हैं। इससे नारनौंद की राजनीति में बिना चुनाव के ही चुनाव जैसा माहौल बनता दिखाई दे रहा है।

भाजपा और कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार – AAP नेता
AAP नेता द्वारा भाजपा और कांग्रेस के कार्यकाल में हो रहे कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाने और विकास कार्यों का मुद्दा उठाने का सिलसिला लगातार जारी है। अब यह तो समय ही बताएगा कि कौन सा नेता किसको मात देने में कामयाब होता है।
फिलहाल हरियाणा में विधानसभा चुनाव में करीब तीन साल का लंबा समय है। इस दौरान ऊंट किस करवट बैठेगा, इसके बारे में न तो हम जानते हैं और न ही आप। क्योंकि राजनीति में कौन सा नेता कब पाला बदल जाए और उससे राजनीतिक समीकरण कब बदल जाएं, इसका कुछ भरोसा नहीं है।
हालांकि, इस बयानबाजी को लेकर कांग्रेस विधायक का बास सम्मेलन के बाद कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला का कोई बयान सामने आया है। भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु के समर्थक भी कुछ हद तक इस मामले में चुप्पी साधे हुए नजर आ रहे हैं।
बुद्धिजीवी लोगों की राय
नारनौंद की राजनीति में चल रहे पोस्टर वार के बीच कुछ ऐसे बुद्धिजीवी लोगों के कमेंट भी सामने आ रहे हैं, जो हलके के पिछड़ेपन और विकास के मुद्दे पर बात करते हुए दिखाई पड़ रहे हैं।
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु को जजपा प्रत्याशी ने हरा दिया था। इसके बाद पांच साल के कार्यकाल में हलके के विकास को लेकर भी सवाल उठते रहे। वहीं, साल 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया।
प्रदेश में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनने के बावजूद नारनौंद हलके के विकास को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। ऐसे में हलके के लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि विकास कार्यों को गति कौन देगा और क्षेत्र की राजनीति किस दिशा में जाएगी।
नारनौंद की राजनीति में इस समय इनेलो, कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के नेताओं की सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है। पोस्टर, सोशल मीडिया पोस्ट और बयानबाजी के बीच आने वाले समय में राजनीतिक समीकरण किस तरह बदलते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।









1 thought on “Narnaund Politics: नारनौंद की राजनीति में पोस्टर वार: इनेलो, कांग्रेस और भाजपा के बीच AAP की एंट्री”