उचाना उचाना में बदमाशों के हौसले बुलंद: ऑयल मिल मालिक पर हमला
Jind Latest News: जींद के उचाना में नकाबपोश बदमाशों द्वारा एक कारोबारी के ऑफिस में घुसकर मालिक पर हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जींद के गोयल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पुलिस ने मिल मालिक की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
Mahendra Oil Mill Uchana Jind
उचाना मंडी निवासी दीपेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने उचाना में बाईपास पर महेंद्र ऑयल मिल लगाया हुआ है और खेड़ी मसानिया निवासी मीनू जांगड़ा इस मिल में उसका साझेदार है। दोपहर करीब तीन बजे वह अपने ऑफिस में बैठा हुआ था, तभी एक अज्ञात सफेद रंग की गाड़ी में चार युवक सवार होकर आए, जिन्होंने अपना चेहरा कपड़े से छिपाया हुआ था।
ऑफिस में घुसकर हमला
दीपेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि गाड़ी से तीन युवक उतरे और चौथा युवक ड्राइवर सीट पर ही बैठा रहा। तीनों युवकों के हाथों में डंडे और लोहे की रॉड थी। वे ऑफिस में घुस गए और उस पर हमला कर दिया। जब वह पिछले दरवाजे से भागने लगा, तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। जब उसने बचाव के लिए जोर-जोर से शोर मचाया, तो मिल के अंदर मौजूद गौहिया निवासी मंजीत बाहर आया।
पीड़ित युवक ने बताया कि मंजीत को आता देख सभी युवक गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए और जाते-जाते धमकी दी कि यदि तुम्हारे पिता ने पैसों का हिसाब नहीं किया, तो आइंदा जान से मार देंगे। हमले की सूचना मिलते ही परिजन मिल पहुंचे और उसे उपचार के लिए उचाना के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल जींद रेफर कर दिया, लेकिन परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे गोयल अस्पताल जींद ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पैसों के लेन-देन का विवाद
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पैसों के लेन-देन के विवाद की रंजिश में यह हमला किया गया है। नाम पता ना मालुम लडको ने मेरे को डन्डो व लौहा राड से हाथ पैर व पीठ पर नाहक चोटे मारी है । वजह रंजीश यह है कि मेरे पिता आशीष का हिमान्शु अग्रवाल, उसकी पत्नी किरण अग्रवाल, उसका चचेरा भाई अन्शुल अग्रवाल वासी दिल्ली व मोहित पुत्र राकेश मास्टर वासी उचाना मण्डी के साथ पैसो का लेन देन है इसी वजह से इन्होने मेरे को नाम पता ना मालुम लडके भेजकर नाहक चोटे पहुँचाई है।
मिल मालिक पर हमले की सूचना मिलते ही उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस मिल और उसके आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल पुलिस ने घायल मिल मालिक दीपेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।












