जींद में बुजुर्ग को बातों में उलझाकर सोने की अंगूठी उतरवाई, बूट हाउस के सामने पार्किंग में वारदात
जींद शहर के पालिका बाजार में दिनदहाड़े घिनौनी वारदात सामने आई है। एक शातिर युवक ने गांव नगूरां निवासी बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाकर करीब आधा तोला (5 ग्राम) सोने की अंगूठी उतरवा ले गया। पीड़ित ने घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नगूरां निवासी राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 3 नवंबर को वह घरेलू काम से पालिका बाजार आया था। इसी दौरान एक अनजान युवक उसके पास पहुंचा और बातचीत में उलझाकर उसे एक बूट हाउस के सामने बनी पार्किंग में ले गया। वहां आरोपी ने चालाकी से उसके हाथ से हॉलमार्क लगी सोने की अंगूठी उतार ली।
टेंपो में बैठने का झांसा देकर हुआ फरार
आरोपी ने वारदात के बाद राजकुमार को पास खड़े टेंपो में बैठने के लिए कहा और खुद थोड़ी देर में वापस आने की बात कहकर फरार हो गया। काफी देर तक युवक के नहीं लौटने पर राजकुमार को ठगी का अहसास हुआ। परिजनों ने भी आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर बूट हाउस में संदिग्ध की फुटेज मिली। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
















