आदमपुर ट्यूबवेल केबल चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार
Hisar News Today: हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के खेतों से ट्यूबवेल केबल तार चोरी करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की केबल तार बेचकर प्राप्त की गई नकदी भी बरामद की है।
शिकायत कर्ता सदलपुर निवासी कुलदीप पुत्र भजन लाल ने थाना आदमपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि मौजा सदलपुर में भाणा पुल के पास स्थित उनकी कृषि भूमि पर लगे तीन ट्यूबवेलों से 01 नवंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने बिजली की केबल काटकर चोरी कर ली थी। चोरी हुई केबलों की अनुमानित कीमत 20,000 रुपये से अधिक थी। इस शिकायत पर थाना आदमपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 के तहत Fir दर्ज कर जांच शुरू की गई।
Tubewell Cable Theft मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई दलबीर सिंह द्वारा अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर तीनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया:
1. चन्द्रमोहन निवासी सदलपुर
2. सुरेन्द्र निवासी गांव आदमपुर ढाणी कोहली
3. विकास निवासी कालीरावण
अदालत से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर आरोपियों से गहन पूछताछ की गई और घटनास्थल की दुरुस्त निशानदेही करवाई गई। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर सदलपुर रोड खारा बरवाला के पास स्थित एक सुनसान मकान से चोरी की केबल बेचने पर मिले 6,000 रुपये में से बचे 700 रुपये के करेंसी नोट बतौर सबूत बरामद किए गए। पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने पर आरोपियों का मेडिकल परीक्षण करवाकर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया है।














