गोहाना प्रापर्टी डीलर हत्याकांड में तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई। लेकिन जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने पर पता चला कि प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने एक नहीं दो हमलावर आए थे। पुलिस का दावा है कि जल्दी हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की आठ टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
गोहाना शहर के रोहतक रोड पर प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र पहल उर्फ नन्हा पहल हत्याकांड की शुरुआती जांच में प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर एक ही हमलावर होने की बात सामने आ रही थी, लेकिन फुटेज ने वारदात की तस्वीर साफ हो गई।
दूसरी तरफ वारदात के बाद से नामजद मुख्य आरोपित गांव बरोदा निवासी रामपाल भूमिगत हो गया है। पुलिस टीमों ने उसके गांव बरोदा स्थित ठिकानों पर दबिश देकर गहनता से खंगाला। मामले की मोनेटरिंग पुलिस आयुक्त ममता सिंह कर रही हैं।
शुक्रवार शाम बिजेंद्र जब रोहतक रोड स्थित अपने शिवम प्रापर्टी एडवाइजर कार्यालय के सामने खड़ी कार के पास पहुंचा तो पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर 17 राउंडफायर किए थे। इनमें से 14 गोलियां लगने से बिजेंद्र की मौत हो गई थी। मामले के दूसरे दिन शनिवार को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कालेज के अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
वहीं मृतक के पिता आदर्श नगर निवासी साहब सिंह की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने गांव बरोदा के रामपाल व अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। परिजनों के अनुसार हत्या के पीछे पांच-छह साल पुरानी रंजिश और रुपयों का लेन-देन मुख्य वजह है। करीब पांच-छह महीने पहले रामपाल के एक रिश्तेदार ने बिजेंद्र से 18-20 लाख रुपये लिए थे। पैसे वापस मांगने पर रामपाल ने बिजेंद्र को जान से मारने की धमकी दी थी, हालांकि पंचायत के बाद रुपये लौटा दिए गए थे। इसके अलावा हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट भी प्रसारित हुई, जिसमें रामपाल के साथ हुई पुरानी मारपीट का बदला लेने की बात लिखी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि बिजेंद्र और रामपाल के पहले अच्छे संबंध रहे हैं। एसीपी राजीव सिंह ने बताया कि पुलिस की आठ विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।













