teenager committed suicide by hanging in Meham News
हरियाणा न्यूज टूडे| महम-भिवानी रोड स्थित एक खेत में बने मुर्गी फार्म पर रविवार को 13-14 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार मृतका का परिवार मूल रूप से नेपाल के बांके जिला के लम्बुतीया गांव का रहने वाला है।
मृतका के पिता खेम बहादुर पिछले करीब दो साल से भिवानी रोड पर स्थित बिजेंद्र के खेत में बने मुर्गी फार्म पर देखभाल और मजदूरी का काम करते आ रहे हैं। पूरा परिवार यहीं फार्म हाउस पर बने मकान में रहता था। रविवार को अचानक किशोरी ने खौफनाक कदम उठाते हुए फांसी लगा ली। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान (दिमागी रूप से अस्वस्थ) चल रही थी। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है।
इस संबंध में महम थाना के कार्यकारी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को भिवानी रोड स्थित एक मुर्गी फार्म पर किशोरी द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक डेड हाउस भेजा गया है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।







