Transport Minister Anil Vij gherao
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Hisar News Today : हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो सांझा संघर्ष समिति ने दावा किया है कि 25 जुलाई को अंबाला में प्रस्तावित ( Transport Minister ) परिवहन मंत्री अनिल विज के घेराव में हिसार डिपो से भारी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। सांझा संघर्ष समिति की ओर से बुधवार को डिपो प्रांगण में आयोजित गेट मीटिंग में यह ऐलान किया गया। गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी लंबित मांगों बारे भी एकजुटता दिखाई। डिपो प्रांगण में हुई गेट मीटिंग की अध्यक्षता बजरंग लाखा ने की, जबकि संचालन जोगेंद्र पंघाल ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए हिसार और हांसी सब डिपो के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव, अन्याय और तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनके वैधानिक वेतन, भत्तों और अन्य लंबित देयकों से वंचित नहीं रखा जा सकता तथा उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
वक्ताओं ने कहा कि एसडीएम ज्योति मित्तल और ट्रैफिक मैनेजर प्रीतम सिवाच की मध्यस्थता से कर्मचारियों में यह उम्मीद जगी है कि उनकी लंबित मांगों का समाधान होगा और उन्हें उनका न्यायोचित अधिकार मिलेगा। समिति ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर वह भविष्य में भी पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी। ( Haryana roadways employee News )
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 25 जुलाई को अंबाला में परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रस्तावित घेराव में हिसार डिपो का प्रत्येक कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लेगा। इसके साथ ही सांझा मोर्चा स्टेट कमेटी के भविष्य के किसी भी आंदोलन या आह्वान पर तन, मन और धन से सहयोग देने का भी संकल्प लिया गया। सांझा संघर्ष समिति हिसार एवं हांसी सब डिपो के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान लगातार सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए सांझा मोर्चा स्टेट कमेटी का आभार व्यक्त किया।
सांझा संघर्ष समिति के प्रेस प्रवक्ता संदीप जैनावास ने बताया कि गेट मीटिंग में मुख्य रूप से राजबीर दुहन, शिवकुमार श्योराण, दर्शन जांगड़ा, कर्मबीर मसूदपुर, नरेंद्र खरड़, अनूप श्योकंद, अमित जुगलान, जितेंद्र शर्मा, अरुण शर्मा, पवन कनोह, अजय दुहन, राजेश सेलवाल, वीरेंद्र किरतान, सतीश लौरा, प्रदीप डाबड़ा, अनिल सरसाना, सोनू बाड्यां, माधव, संदीप सैनी, अनूप सातरोड, राज पीरांवाली सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।









