---Advertisement---

Latest News Hisar, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का दौरा, हिसार की ताजा खबरें हिन्दी में

Follow Us
Latest News Hisar, Taaja Khabar, Evening NewsPaper, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हिसार दौरे
---Advertisement---

Latest News Hisar, Taaja Khabar, Evening NewsPaper

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हिसार दौरे के दृष्टिगत धारा-163 रहेगी लागू

Latest News Hisar : हिसार जिलाधीश ( Hisar DC )  महेंद्र पाल ने 11 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय सहित जिले में अन्य प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में वर्णित प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत कार्यक्रम स्थल को ड्रोन नियम 2025 के तहत रेड जोन घोषित करते हुए निषेधाज्ञा के आदेश पारित किए गए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में लाठी-डंडे, तलवार, गंडासी, आग्नेय सशस्त्र, किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने, खुले पेट्रोल-डीजल की बोतल/केन इत्यादि में रखने तथा वीवीआईपी मार्ग के कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्र में बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के ड्रोन उड़ाने व 200 मीटर के दायरे में सडक़ के दोनों तरफ कोई भी वाहन खड़ा करने को पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। इस आदेश को जिला हिसार की प्रशासनिक वेबसाइट  https://hisar.gov.in  पर अपलोड किया गया है। उपरोक्त आदेशों की अवहेलना में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो वह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 223 व अन्य प्रावधानों के तहत दण्ड का भागी होगा।

व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार : चेयरमैन रवि सैनी

Latest News Hisar, Taaja Khabar, Evening NewsPaper, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हिसार दौरे
Hisar ki Taaja Khabar : हरियाणा वन विकास निगम के नवनियुक्त चेयरमैन रवि सैनी ने कहा है कि व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार है। व्यापारी वर्ग अपनी मेहनत, ईमानदारी और उद्यमशीलता से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देता है। राजगुरु मार्केट के व्यापारियों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
चेयरमैन रवि सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें व्यापार और उद्योग बिना किसी अनावश्यक बाधा के आगे बढ़ सकें तथा प्रत्येक व्यापारी स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश में व्यापार को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए अनेक सुधार किए गए हैं। विभिन्न विभागों की सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है, जिससे व्यापारियों का समय और संसाधनों की बचत हो रही है। लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पहले की अपेक्षा अधिक सरल बनाया गया है। व्यापारियों की सुरक्षा भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार : चेयरमैन रवि सैनी
Hisar News
कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सडक़ संपर्क, आधुनिक बाजार व्यवस्था और डिजिटल सेवाओं का विस्तार व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्रदान कर रहा है। सरकार का प्रयास है कि शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारी भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। व्यापारी केवल करदाता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। आपके द्वारा किया गया प्रत्येक निवेश, प्रत्येक रोजगार और प्रत्येक व्यापारिक गतिविधि प्रदेश की समृद्धि में योगदान देती है।
उन्होंने राजगुरु मार्केट के  व्यापारियों को सम्मान समारोह के आयोजन के लिए आभार जताते हुए कहा कि हम सभी मिलकर एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर प्रधान शिव कुमार सैनी, अक्षय मलिक, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी, रवि मेहता, राजेंद्र ढालिया, अजय सैनी, आनंद सैनी, देवेंद्र सैनी, दीपक अग्रवाल, सुनील वर्मा, गौतम नारंग, सुरेंद्र बजाज, महेश चौधरी, सुरेंद्र सोनी, मनी राम गोयल, भूषण अग्रवाल, सुभाष मित्तल,  कृष्ण खटाना, मोनू बजाज सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

रोडवेज सांझा संघर्ष समिति के 15 सूत्रीय मांग पत्र पर कार्रवाई शुरू : समिति

-58 दिन के ऐतिहासिक आंदोलन की जीत, 25 तक समाधान का भरोसा-

Haryana Evening News : हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो सांझा संघर्ष समिति ने दावा किया है कि हिसार डिपो एवं हांसी सब डिपो के कर्मचारियों की एकता व सहयोग के चलते 58 दिनों तक चले शांतिपूर्ण आंदोलन के बाद कर्मचारियों को बड़ी सफलता मिली है। प्रशासनिक अधिकारियों की सकारात्मक मध्यस्थता से लगभग 37 महीनों से लंबित 15 सूत्रीय मांग-पत्र पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। समिति ने उम्मीद जताई है कि 25 जुलाई तक सभी मांगों का समाधान कर कर्मचारियों को उनका न्यायोचित अधिकार दिलाया जाएगा।

समिति पदाधिकारियों ने एसडीएम ज्योति मित्तल, बीडीपीओ तथा ट्रैफिक मैनेजर प्रीतम सिवाच की पहल से कर्मचारी हितों से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू हुई है। मांग-पत्र में 37 महीनों से लंबित रात्रि भत्ता, मेडिकल बिल, शिक्षा भत्ता, वर्ष 2016 के एसपीएल चालकों के लंबित एलटीसी देय, सभी कर्मचारियों की एलटीसी सहित अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। समिति के अनुसार कार्रवाई प्रारंभ होने से हिसार डिपो और हांसी सब डिपो के कर्मचारियों में उत्साह और विश्वास का माहौल है। उच्चाधिकारियों ने 25 जुलाई तक सभी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया है, जिससे कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित उनके वैधानिक अधिकार मिलने की उम्मीद जगी है।
सांझा संघर्ष समिति ने आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग करने पर सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 58 दिनों तक कर्मचारियों ने अनुशासन, संयम और एकजुटता का परिचय देते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष किया। इसी एकता और संगठन की बदौलत आंदोलन निर्णायक मोड़ तक पहुंचा। समिति ने कहा कि कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए भविष्य में भी सभी साथी इसी तरह संगठित रहेंगे। साथ ही समिति ने प्रशासन से उम्मीद जताई कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मांगों का समाधान कर कर्मचारियों के विश्वास को और मजबूत किया जाएगा।

जन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

Breaking News Hisar : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को हल्का नलवा के गांव तलवंडी रुक्का तथा कैमरी रोड स्थित अपने निवास पर नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है और जनता की सहभागिता से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर रणबीर गंगवा ने नागरिकों से रविवार को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरा कार्यक्रम तथा आगामी 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों को लेकर नलवा में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित

Hisar News Today : हिसार के नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने शनिवार को आगामी 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम तथा रविवार को हिसार में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की। बैठक में दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं और अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों का संदेश आमजन तक पहुंचे।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं का सहयोग करने का आह्वान किया। इसके साथ ही नलवा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि स्वच्छ एवं जागरूक समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में मंडल अध्यक्ष बलजीत फोगाट, भूप सिंह खिचड़, सुमन कसवां, मार्केट कमेटी चेयरमैन रविन्द्र रोकी, सुरेन्द्र मंडा, श्रीराम सरपंच, मनीष एलावादी, रणबीर सरपंच, सुल्तान, सरजीत सरपंच, बलजीत सरपंच, भवानी रोहिल्ला, चरण सिंह नागर सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हरियाणा आर एंड वी स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (LUVAS), हिसार में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-180) के चौथे दिन कैडेटों के लिए सैन्य प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास तथा सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
दिन की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) एवं घुड़सवारी सत्रों से हुई, जिनका उद्देश्य कैडेटों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं अश्वारोहण कौशल का विकास करना था। तकनीकी प्रशिक्षण के अंतर्गत ड्रिल एवं शस्त्र प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिससे कैडेटों के सैन्य व्यक्तित्व, आत्मविश्वास तथा बुनियादी सैन्य कौशल में वृद्धि हुई। इसके अतिरिक्त, लुवास की एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) डॉ. अर्चना लोहिया द्वारा “वनों का महत्व” विषय पर व्याख्यान दिया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण एवं वनों के संवर्धन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।
दिन का प्रमुख आकर्षण “स्टेम सेल डोनेशन” विषय पर आयोजित एक विशेष व्याख्यान रहा। यह व्याख्यान अर्जनवीर फाउंडेशन की श्रीमती सिमी सिंह द्वारा दिया गया, जिसमें उन्होंने स्वैच्छिक स्टेम सेल दान के महत्व तथा रक्त कैंसर एवं अन्य गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार में इसकी जीवनरक्षक भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यह सत्र अत्यंत संवादात्मक रहा, जिसमें एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्टेम सेल दान की प्रक्रिया एवं इसके मानवीय महत्व से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे।
इस जागरूकता अभियान को अत्यंत उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली तथा संभावित स्टेम सेल दाताओं के रूप में 62 पंजीकरण किए गए। इनमें कैंप कमांडेंट, जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ), परमानेंट इंस्ट्रक्टर (पीआई) स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों का उत्साह इस बात का प्रतीक था कि वे रक्त कैंसर एवं अन्य गंभीर रक्त रोगों से पीड़ित बच्चों एवं अन्य मरीजों की सहायता हेतु इस पुनीत अभियान में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण के अंतर्गत कैडेटों को एयरवे प्रबंधन एवं रिकवरी पोजीशन, बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) तथा बैंडेजिंग तकनीकों पर व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, कैडेटों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे वे आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक सहायता प्रदान करने में सक्षम बन सकें।
दिन का समापन खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों के साथ हुआ, जिन्होंने कैडेटों में टीम भावना, आपसी सहयोग एवं Esprit de Corps की भावना को और सुदृढ़ किया। यह शिविर कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने हेतु एक प्रभावी मंच सिद्ध हो रहा है।

पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व : डॉ. अशोक गोदारा

हिसार की ताजा खबरें :अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अभाविप-एग्रीविज़न की ओर से ‘एक वृक्ष-एक कार्यकर्ता’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हकृवि के सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान व अन्य स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

हौटा अध्यक्ष डॉ. अशोक गोदारा ने इस अवसर पर कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। प्रत्येक विद्यार्थी यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। विद्यार्थी परिषद का यह अभियान युवाओं को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
एग्रीविज़न के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवम पांडेय ने इस अवसर पर कहा कि ‘एक वृक्ष-एक कार्यकर्ता’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संकल्प है। अभाविप विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने का कार्य निरंतर करती रहेगी।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक गोदारा के अलावा फार्म निदेशक डॉ. ओपी बिश्नोई, सीएसओ सुखबीर सिंह, एग्रीविज़न के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवम पांडेय, प्रांत संयोजक अंकित, सह-संयोजक रोहित विश्नोई, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष मनोज सैनी, अभिषेक राजपूत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दोहराया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

📢 हरियाणा की हर ब्रेकिंग न्यूज़ सबसे पहले पाने के लिए हमारा WhatsApp Channel अभी जॉइन करें।

📲 WhatsApp Channel Join करें

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer