---Advertisement---

Delhi Hisar Road Accident: नारनौंद में तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार को मारी सीधी टक्कर

By sunilkohar

Published On:

Follow Us

 

 

 

Delhi Hisar Road Accident: नारनौंद में तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार को मारी सीधी टक्कर

---Advertisement---

बांडाहेड़ी गौशाला के पास अज्ञात गाड़ी ने बाइक सवार युवक सुभाष को मारी सीधी टक्कर

Delhi Hisar Road Accident : हिसार मार्ग पर गांव बांडाहेड़ी गौशाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी चला रहे एक अज्ञात चालक ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नारनौंद थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान का सामान लेने जा रहे थे तीन दोस्त

पुलिस को दी शिकायत में भिवानी जिले के गांव तालु निवासी विकास ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। उसके गांव का ही रहने वाला दोस्त सुभाष सिंह गांव में परचून (किराना) की दुकान चलाता है। बीते 6 सितंबर की रात विकास और उसका एक अन्य दोस्त अमरजीत, सुभाष की दुकान पर मौजूद थे।

सुभाष ने उन्हें बताया कि उसने दुकान के लिए रोहतक से कुछ सामान मंगवाया था, जो मुंडाल पहुंच चुका है और उसे लेकर आना है। इसके बाद तीनों दोस्त दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सामान लेने के लिए निकले। विकास और अमरजीत एक बाइक पर थे, जबकि सुभाष अपनी स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर अकेला आगे चल रहा था।

बांडाहेड़ी गौशाला के पास हुआ हादसा

विकास के अनुसार, जैसे ही वे गांव बांडाहेड़ी गौशाला के पास पहुंचे, सुभाष ने अपनी मोटरसाइकिल से रोड क्रॉस किया और उसे सड़क किनारे (साइड में) रोक लिया। इसी दौरान एक सफेद रंग की गाड़ी का चालक अपने वाहन को अत्यधिक तेज गति, गफलत और लापरवाही से चलाता हुआ आया।

अनियंत्रित गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े सुभाष की मोटरसाइकिल में सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सुभाष बाइक समेत दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया।

हादसे के बाद आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

टक्कर मारने के बाद अज्ञात गाड़ी चालक मौके का फायदा उठाकर अपने वाहन सहित फरार हो गया। विकास और अमरजीत ने राहगीरों की मदद से लहूलुहान अवस्था में सुभाष को संभाला और तुरंत हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद नारनौंद थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायतकर्ता विकास के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार गाड़ी चालक की पहचान की जा सके।

1 thought on “Delhi Hisar Road Accident: नारनौंद में तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार को मारी सीधी टक्कर”

Leave a Comment